New Delhi News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने माता-पिता को लेकर दिए गए पुराने बयान पर जारी विवाद के बीच भगवान शिव और माता पार्वती की एक ऐतिहासिक प्रतिमा की तस्वीर साझा की है। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा, जिस पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने तीखा पलटवार किया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर भगवान शिव और माता पार्वती की एक तस्वीर साझा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा है। इस तस्वीर के माध्यम से उन्होंने अपने उस बयान को सही ठहराने का प्रयास किया है, जो उन्होंने हाल ही में अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के आपसी संबंधों को लेकर दिया था।
क्या था राहुल गांधी का पुराना बयान?
राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन समारोह में अपने माता-पिता के रिश्तों पर भावुक होकर बात की थी। उन्होंने राजीव गांधी और सोनिया गांधी के बीच के प्रेम और पिता की हत्या के बाद मां के जीवन में आए बदलावों का जिक्र किया था।
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि हर बार खाना खाते समय उनकी मां, पिता की गोद में बैठा करती थीं। उन्होंने आगे कहा कि उनके लिए यह बेहद सामान्य बात थी, इसलिए जब वे अपने दोस्तों के घर जाते थे और वहां ऐसा नहीं देखते थे, तो उनसे पूछते थे कि तुम्हारी मां, तुम्हारे पापा की गोद में क्यों नहीं बैठती। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा सहित कई भाजपा नेताओं और प्रवक्ताओं ने इस बयान की आलोचना करते हुए कहा था कि निजी पारिवारिक जीवन की ऐसी बातें सार्वजनिक मंच पर नहीं की जानी चाहिए।
होयसलेश्वर मंदिर की प्रतिमा और उसका महत्व
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर जो तस्वीर साझा की है, वह कर्नाटक के हलेबिडु स्थित प्रसिद्ध होयसलेश्वर मंदिर की प्रतिमा की है। 12वीं शताब्दी में होयसल वंश के शासनकाल के दौरान निर्मित इस मंदिर को अपनी अद्वितीय कला और स्थापत्य के कारण यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है।
साझा की गई तस्वीर में भगवान शिव, नंदी की सवारी करते हुए माता पार्वती को प्रेमपूर्ण मुद्रा में आलिंगन में लिए नजर आ रहे हैं। प्रतिमा में माता पार्वती, भगवान शिव की गोद में बैठी हैं, जबकि शिवजी के एक हाथ में त्रिशूल और डमरू है।
धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से इस प्रतिमा को ‘प्रकृति’ और ‘पुरुष’ के मिलन के रूप में देखा जाता है। इसमें भगवान शिव को पुरुष और माता पार्वती को प्रकृति के प्रतीक के तौर पर दर्शाया गया है, जो सृष्टि के संतुलन का संदेश देता है। इस रूप में भगवान शिव को संन्यासी के बजाय एक प्रेमपूर्ण गृहस्थ के रूप में दिखाया गया है, वहीं नंदी को धर्म, निष्ठा, शक्ति और अटूट विश्वास के प्रतीक के रूप में दर्शाया गया है।
सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का संदेश
तस्वीर साझा करते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “भय, क्रोध और घृणा ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के हृदयों में एक ऐसा जाल बुन दिया है जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है। एक सच्चे हिंदू के रूप में, यह मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करूं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की असीम सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें। सत्यम शिवम सुंदरम।”
असम के मुख्यमंत्री का पलटवार
राहुल गांधी की इस पोस्ट पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पलटवार करते हुए लिखा, “साधारण मनुष्यों को शिव और पार्वती के रूप में दिखाना भक्ति नहीं है। यह एक ऐसा अहंकार है, जो इतना बढ़ गया है कि व्यक्ति खुद को ही दिव्य मानने लगा है।”
सरमा ने आगे कहा कि किसी भी व्यक्ति का पतन तब तेजी से शुरू हो जाता है, जब वह ईश्वर के सामने नतमस्तक होने के बजाय स्वयं को ही ईश्वर की तरह पेश करने लगता है।