पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टकराईं राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां, सीएम योगी के निर्देश पर एसआईटी गठित

Share

- Advertisement -

Sultanpur News: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले में शामिल गाड़ियां आपस में टकरा गईं। सुलतानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट जाते समय माइलस्टोन 89.5 के पास हुए इस हादसे में चार कारें और एक एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हुईं। घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सोमवार को सड़क मार्ग से लखनऊ से सुलतानपुर स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले के पीछे चल रहे वाहन आपस में टकरा गए। यह दुर्घटना सुलतानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माइलस्टोन 89.5 के पास हुई, जहां काफिले में शामिल चार कारें और एक एंबुलेंस आपस में भिड़ गईं। हादसे में राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने घटना की समग्र जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।

आईजी लखनऊ परिक्षेत्र की अध्यक्षता में बनी एसआईटी

डीजीपी राजीव कृष्णा के अनुसार, घटना की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए वास्तविक कारणों, परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर हुई चूक की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है। लखनऊ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) किरण एस को इस जांच दल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सुलतानपुर के अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह और पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) राम कृष्ण चतुर्वेदी को एसआईटी का सदस्य बनाया गया है।

इन मुख्य बिंदुओं पर केंद्रित रहेगी जांच

गठित विशेष जांच दल मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर पड़ताल करेगा:

  • एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्घटना के वास्तविक कारणों और तत्कालीन परिस्थितियों की विस्तृत जांच।
  • सुरक्षा व्यवस्था, एस्कॉर्ट और यातायात प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक का परीक्षण।
  • भविष्य में वीवीआईपी और वीआईपी मूवमेंट के दौरान इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा सुझाव।

डीजीपी मुख्यालय ने एसआईटी को निर्देश दिया है कि वह घटना के सभी तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं की समग्र जांच पूरी कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द मुख्यालय को सौंपे।

Read more

Related News