जमीन विवाद के बीच चर्चा में आईं विधायक मैथिली ठाकुर की संपत्ति, चुनावी हलफनामे के अनुसार जानें कुल नेटवर्थ

Share

- Advertisement -

Darbhanga News: बिहार की अलीनगर सीट से भाजपा विधायक और चर्चित लोकगायिका मैथिली ठाकुर इन दिनों अपने परिवार पर लगे जमीन विवाद के आरोपों को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर उनकी संपत्ति को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के हलफनामे के अनुसार, मैथिली ठाकुर कुल 3.82 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति की मालकिन हैं।

सत्ताधारी दल भाजपा की अलीनगर विधानसभा सीट से विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर पर सरकारी रास्ते व निजी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, विधायक ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। इस विवाद के बीच लोग सोशल मीडिया पर उनकी कुल संपत्ति और कमाई के स्रोतों के बारे में जानकारी तलाश रहे हैं। चुनाव आयोग को सौंपे गए 2025 के आधिकारिक चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी चल-अचल संपत्ति का पूरा ब्योरा सार्वजनिक किया था।

कुल 3.82 करोड़ रुपये की संपत्ति, 409 ग्राम सोना और स्कूटी

चुनाव आयोग में दाखिल आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, मैथिली ठाकुर के पास कुल 3 करोड़ 82 लाख 33 हजार 255 रुपये (लगभग 3.82 करोड़ रुपये) की संपत्ति है। हलफनामे में दर्ज विवरण के मुताबिक, नामांकन के समय उनके पास 1 लाख 80 हजार 700 रुपये (करीब 1.80 लाख रुपये) नकद मौजूद थे।

उनकी कुल चल संपत्ति (Movable Assets) 2 करोड़ 32 लाख 33 हजार 255 रुपये (करीब 2.32 करोड़ रुपये) दर्ज की गई है, जिसमें बैंक खातों में जमा राशि और विभिन्न वित्तीय निवेश शामिल हैं। आभूषणों के रूप में उनके पास लगभग 409 ग्राम सोना है, जिसका बाजार मूल्य करीब 52 लाख रुपये आंका गया है। वहीं, वाहनों के नाम पर उनके पास केवल एक होंडा एक्टिवा स्कूटी दर्ज है, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

दिल्ली के द्वारका में फ्लैट, 1.5 करोड़ की अचल संपत्ति

अचल संपत्ति (Immovable Assets) की बात करें तो मैथिली ठाकुर के नाम पर कुल 1.5 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है। इसमें दिल्ली के द्वारका (सेक्टर-10) इलाके में स्थित एक आवासीय फ्लैट शामिल है। उन्होंने दिसंबर 2022 में यह फ्लैट करीब 47 लाख रुपये की लागत से खरीदा था, जिसका वर्तमान बाजार मूल्य बढ़कर 1.5 करोड़ रुपये हो गया है।

शिक्षा, कमाई के स्रोत और देनदारी का ब्योरा

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के उरेन गांव की मूल निवासी मैथिली ठाकुर ने दिल्ली विश्वविद्यालय के भारती कॉलेज से बीए की पढ़ाई पूरी की है। चुनावी हलफनामे के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में उनकी वार्षिक आय लगभग 28.67 लाख रुपये दर्ज की गई थी।

उनकी आय के मुख्य स्रोतों में लाइव सिंगिंग शो, यूट्यूब व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ब्रांड एंडोर्समेंट शामिल हैं। शपथ पत्र के मुताबिक, उन पर किसी भी बैंक या व्यक्ति की कोई देनदारी या कर्ज (Liabilities) नहीं है। इसके साथ ही, उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला भी दर्ज नहीं है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News