Bhopal News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू ने समत्व भवन में उड्डयन सेवाओं की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में प्रदेश की 10 एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट में बदलने और हवाई सेवाओं के विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 8 हवाई अड्डे पहले से संचालित हैं। उज्जैन और शिवपुरी में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल की एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट में बदलने का प्रस्ताव भेजा गया है।
मध्यप्रदेश में देश की पहली पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा सफलता से संचालित हो रही है। अब तक 170 से ज्यादा गंभीर मरीजों को इसका सीधा लाभ मिला है। इनमें से 99 प्रतिशत मरीजों की जान बचाई गई है। आयुष्मान कार्डधारकों को यह आपातकालीन सेवा पूरी तरह नि:शुल्क दी जा रही है।
केंद्रीय मंत्री नायडू ने बताया कि उड़ान योजना को अगले 10 सालों के लिए 2036 तक बढ़ा दिया गया है। केंद्र सरकार का लक्ष्य देश भर में 100 नए हवाई अड्डे तैयार करने का है। मध्यप्रदेश के पहले चरण में 5 नए एयरपोर्ट बनाए जाएंगे, जिसकी शुरुआत ऊर्जाधानी सिंगरौली से की जाएगी।
नागरिक उड्डयन मंत्री ने अधिकारियों को उज्जैन और शिवपुरी में जारी निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उज्जैन हवाई अड्डे के लिए 10 अक्टूबर तक सभी पर्यावरणीय मंजूरियां लेने को कहा गया है। यह एयरपोर्ट सिंहस्थ 2028 में श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम और आसान बनाएगा।
अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल ने बताया कि पिछले छह महीनों में 50 हजार से अधिक यात्रियों ने हवाई यात्रा का लाभ उठाया है। प्रदेश में पीएमश्री वायु और हेली पर्यटन सेवाएं चल रही हैं। इसके अलावा इंदौर से अबुधाबी के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शुरू हो चुकी है।