लखीसराय नगर परिषद में शामिल होंगे बालगुदर और नीरपुर समेत पांच गांव, 2009 के संकल्प पर लगी मुहर

Share

- Advertisement -

Lakhisarai News: शहर से सटे ग्रामीण इलाके के बालगुदर, नीरपुर, गोविंदबीघा, कोरिया और दामोदरपुर मौजे को नगर परिषद लखीसराय क्षेत्र में शामिल करने का निर्णय लिया गया है। सोमवार को नगर परिषद के प्रशासनिक भवन में सभापति अरविंद पासवान की अध्यक्षता में हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक में इस प्रस्ताव पर निर्णय लिया गया।

इसके तहत सात अक्टूबर 2009 को तत्कालीन सभापति सीमा कुमारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पारित संकल्प के अनुसार पांचों मौजों को नगर परिषद क्षेत्र में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। बालगुदर मौजा थाना नंबर 134, नीरपुर मौजा थाना नंबर 135, गोविंदबीघा मौजा थाना नंबर 131, कोरिया मौजा थाना नंबर 129 और दामोदरपुर मौजा थाना नंबर 89 के अंतर्गत आता है।

बैठक में 9 नवंबर को हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों का संपुष्टिकरण भी किया गया।

खर्च का ब्यौरा मांगने पर बहस

नगर परिषद के अधीन विद्यापीठ चौक और बाइपास बस स्टैंड की बंदोबस्ती कराने का निर्णय लिया गया। इसके लिए जल्द ही निविदा निकाली जाएगी। वहीं, छठ घाटों पर कराए गए कार्यों के भुगतान को लेकर बैठक में सभापति और उपसभापति के बीच तीखी बहस हो गई।

सभापति अरविंद पासवान ने नगर परिषद क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर कराए गए कार्यों की राशि का भुगतान करने का प्रस्ताव रखा। इस पर उपसभापति शिवशंकर राम ने छठ घाटों पर खर्च की गई राशि का ब्यौरा मांगा। सभापति ने इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से जानकारी लेने की बात कही, जिस पर उपसभापति ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जब कार्यालय को छठ पर्व में हुए खर्च की जानकारी ही नहीं है तो भुगतान की स्वीकृति कैसे दी जा सकती है।

इसके बाद दोनों के बीच बहस तेज हो गई और उपसभापति बैठक छोड़कर बाहर निकल गए। बाद में सभापति ने छठ पर्व में हुए खर्च के भुगतान की स्वीकृति देते हुए कार्यालय के बड़ा बाबू को पूरी जानकारी उपसभापति को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इन मुद्दों पर बनी सहमति

बैठक में शहर की मुख्य सड़क, पचना रोड और चितरंजन रोड पर नगर परिषद द्वारा निर्मित फुटपाथ और नाले पर स्थानीय लोगों एवं दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण का मामला भी उठा। समिति ने फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्णय लिया। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी से दंडाधिकारी और पुलिस बल उपलब्ध कराने को लेकर पत्राचार किया जाएगा।

इसके अलावा सभी वार्डों के पार्षदों से विकास योजनाओं की सूची लेने का निर्णय लिया गया, ताकि वार्ड स्तर पर योजनाओं का चयन किया जा सके। नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में दूरसंचार नियम, 2024 के प्रविधानों के प्रभावी क्रियान्वयन को भी बैठक में स्वीकृति दी गई। बैठक में सशक्त स्थायी समिति की सदस्य शबनम बानो, सुनैना देवी और सुरेंद्र मंडल मौजूद रहे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News