Sirmaur News: सिरमौर जिले में अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के समापन समारोह में राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि भारत आधुनिक विकास के साथ सांस्कृतिक पुनर्जागरण देख रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जन-आंदोलन चलाने, स्वदेशी अपनाने, पर्यावरण बचाने और पांच संकल्प लेने का आह्वान किया।
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज आधुनिक विकास के साथ सांस्कृतिक पुनर्जागरण के दौर से गुजर रहा है। देश की आध्यात्मिक और सभ्यतागत विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिल रही है। राज्यपाल के साथ लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी मौजूद थीं।
सिरमौर जिले में अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘विकास भी, विरासत भी’ का मंत्र विकास यात्रा को नई दिशा दे रहा है। यह मंत्र आधुनिक प्रगति को प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत विरासत के संरक्षण से जोड़ता है।
कविन्द्र गुप्ता ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और उज्जैन में श्री महाकाल लोक का जिक्र करते हुए कहा कि ये सभी पहल सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि श्री रेणुका जी मेले जैसे आयोजन सभ्यतागत पहचान को मजबूत करते हैं, पारंपरिक मूल्यों को बचाते हैं और सामाजिक समरसता बढ़ाते हैं।
माता रेणुका जी और भगवान परशुराम जी के दिव्य मिलन के महत्व पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह मेला मातृत्व के स्नेह, त्याग, श्रद्धा और भारतीय पारिवारिक मूल्यों की ताकत का प्रतीक है।
महिला नेतृत्व, धार्मिक पर्यटन और स्वदेशी पर जोर
सनातन धर्म में नारी के स्थान का उल्लेख करते हुए कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि सीता-राम, राधा-कृष्ण और लक्ष्मी-नारायण के नामों का साथ स्मरण नारी शक्ति के प्रति सम्मान दर्शाता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान केवल धार्मिक मान्यताओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि व्यवहार और सामाजिक आचरण में भी दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला नेतृत्व वाले विकास के विजन के तहत शिक्षा, विज्ञान, उद्यमिता, राजनीति और लोक प्रशासन में महिलाओं को नेतृत्व के अधिक अवसर मिलने चाहिए।
हिमाचल प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं पर बोलते हुए राज्यपाल ने श्री रेणुका जी जैसे पवित्र स्थलों को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में योजनाबद्ध ढंग से विकसित करने पर जोर दिया। उनके अनुसार बेहतर सड़क व परिवहन संपर्क, होम-स्टे, स्थानीय हस्तशिल्प और पर्यटन आधारित उद्यमिता से युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पारंपरिक मेले स्थानीय कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को उत्पादों के प्रदर्शन व विपणन का मंच देते हैं। इससे स्थानीय आजीविका मजबूत होती है और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को बल मिलता है।
डिजिटल संरक्षण, नशा मुक्ति और पांच संकल्प
राज्यपाल ने युवाओं को सांस्कृतिक जड़ों और सनातन मूल्यों से जोड़ने के साथ आधुनिक शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और शोधकर्ताओं से कहा कि वे प्राचीन देव परंपराओं, लोक कथाओं, लोक संगीत, मंदिरों और धार्मिक मेलों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण और डिजिटल संरक्षण करें, ताकि यह धरोहर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुलभ रहे।
नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए कविन्द्र गुप्ता ने धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों और युवाओं से नशे के विरुद्ध जन आंदोलन शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत केवल एक व्यक्ति का जीवन ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार के सपनों और भविष्य को नष्ट करती है।
राज्यपाल ने मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने और प्राकृतिक पत्तलों के उपयोग को बढ़ावा देने की सराहना की। उन्होंने रेणुका जी झील की पारिस्थितिक पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता बचाने की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।
माता रेणुका जी की धरती से राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से पांच संकल्प लेने का आह्वान किया। इनमें सांस्कृतिक विरासत व देव परंपराओं का संरक्षण, हिमाचल को नशामुक्त बनाने में योगदान, महिलाओं का सम्मान व सशक्तिकरण, स्वदेशी व स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण संरक्षण और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी शामिल हैं।
उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, श्री रेणुका जी विकास बोर्ड, कलाकारों, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन को बधाई दी। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
पूजा-अर्चना, देव विदाई और अन्य कार्यक्रम
इससे पहले राज्यपाल और लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता ने भगवान परशुराम मंदिर और माता रेणुका जी मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा पारंपरिक देव विदाई शोभायात्रा में भाग लिया। राज्यपाल ने मेले की प्रदर्शनी में पुरस्कार पाने वाले विभागों को सम्मानित किया।
श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार ने राज्यपाल का स्वागत किया। उन्होंने श्री रेणुका जी में राज्यपाल के पहले आगमन पर प्रसन्नता जताते हुए स्थानीय कलाकारों की भागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने राज्यपाल व लेडी गवर्नर को पारंपरिक स्मृति चिन्ह भेंट किए।
उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया और उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा। इस दौरान सांसद सुरेश कश्यप, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष राजीव बिंदल, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी, जिला प्रशासन के अधिकारी व अन्य गणमान्य मौजूद थे। इसके बाद राज्यपाल ने श्री रेणुका जी झील की परिक्रमा की और चिड़ियाघर जाकर वहां रखे बंगाल टाइगर को देखा।