लखनऊ में खड़गे की रैली को इजाजत, संविधान रक्षा मार्च की परमिशन नहीं, अब पार्टी कार्यालय में होगा सम्मेलन

Share

- Advertisement -

Lucknow News: संविधान दिवस पर 26 नवंबर को लखनऊ में होने वाले कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च को प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। प्रशासन ने मार्च इलाके को संवेदनशील बताते हुए परमिशन देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद कांग्रेस ने मार्च रद्द कर दिया है। कार्यालय में संविधान रक्षा सम्मेलन होगा, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे।

कांग्रेस के पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर मार्च का आयोजन किया जाना था। पार्टी कार्यालय में माल्यार्पण के बाद सभी कार्यकर्ताओं को हजरतगंज स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक जाना था, लेकिन जिला प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। कांग्रेस ने शांतिपूर्ण मार्च की बात कही थी और लिखित में आवेदन भी दिया था, फिर भी अनुमति नहीं मिली।

कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले इसी इलाके में भाजपा को मार्च निकालने की अनुमति मिल गई थी, जबकि कांग्रेस को शांतिपूर्ण मार्च के लिए भी अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने इलाके को संवेदनशील बताकर मार्च से इनकार किया है। अब कार्यक्रम पार्टी कार्यालय तक सीमित रहेगा और खड़गे समेत सभी लोग सीधे हवाई अड्डे से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।

देशभर में संविधान रक्षा मार्च

कांग्रेस 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर देशभर में ‘संविधान रक्षा मार्च’ आयोजित कर रही है। सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के माध्यम से राज्य राजधानियों में यह मार्च निकाला जाएगा। मार्च के दौरान पार्टी नेता और कार्यकर्ता संविधान की प्रस्तावना पढ़ेंगे और संविधान की रक्षा की शपथ लेंगे। पार्टी का ‘वोट रक्षक’ अभियान भी चलेगा, जिसके तहत कार्यकर्ता मतदान केंद्रों पर जाकर हटाए गए मतदाताओं की पहचान करेंगे और उन्हें मतदान का अधिकार दिलाने में मदद करेंगे।

पार्टी का दावा है कि लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में होने वाले कार्यक्रम में करीब 40 हजार लोग शामिल होंगे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News