Hardoi News: हरदोई में बघौली-प्रतापनगर मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर 75 करोड़ रुपये से अधिक खर्च के बावजूद सड़क की हालत दयनीय है। निर्माण पूरा हुए अभी डेढ़ साल ही हुए हैं, लेकिन कई जगह डामर की परत उखड़ गई है और गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी बन गए हैं।
सड़क पर सेंटर और एज लाइन भी स्पष्ट नहीं हैं। रात, बारिश और कोहरे में यह स्थिति दुर्घटना का खतरा बढ़ा सकती है। पेराई सत्र में ओवरलोड गन्ना ट्रकों की आवागमन से आशंका और बढ़ जाती है। सांडी विधायक भी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठा चुके हैं।
हिंदुस्तान पेट्रोल पंप से ढोली गांव तक सबसे खराब हालत
हिंदुस्तान पेट्रोल पंप से डबल नहर और ढोली गांव के आसपास मार्ग अधिक खराब है। डामर उखड़ने से बने गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दिक्कत होती है। सेंटर लाइन न होने से सामने से आने वाले वाहनों की दिशा और दूरी का अंदाजा लगाना मुश्किल है। एज लाइन नहीं होने से रात में सड़क के किनारे पहचानना भी चुनौतीपूर्ण है।
विरोध के बाद बनी सड़क, फिर उखड़ी
वर्ष 2017 में मरम्मत के बाद 2019 में ही सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। ईंट के टुकड़ों से पैचवर्क के बावजूद समस्या बनी रही। जून 2021 में व्यापारियों और किसानों ने गड्ढों में धान की पौध रोपकर विरोध जताया था। ग्रामीणों ने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा भी दिया। इसके बाद चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया शुरू हुई। दिसंबर 2022 में मार्ग की डीपीआर तैयार हुई।
जुलाई 2023 में निर्माण के लिए 75 करोड़ 27 लाख 12 हजार रुपये स्वीकृत हुए। पहली किस्त के रूप में 17 करोड़ 27 लाख 56 हजार रुपये और अप्रैल 2024 में दूसरी किस्त के तौर पर 20 करोड़ रुपये जारी किए गए। 2025 में निर्माण पूरा होने के करीब दो महीने बाद कुछ जगह डामर उखड़ने लगा था।
सितंबर 2025 में सांडी विधायक प्रभाष कुमार ने प्रतापनगर से बघौली तक मार्ग का निरीक्षण किया। उन्हें कुछ स्थानों पर डामर की परत उखड़ने की शिकायत मिली और उन्होंने अधिकारियों को कमियां दूर करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के तत्कालीन अधिशासी अभियंता आरके मौर्य ने निर्माण की गुणवत्ता सही बताते हुए कुछ जगह डामर उखड़ने की बात मानी थी। उन्होंने बारिश को इसकी संभावित वजह बताया था।
स्थानीय निवासी आर्यन सिंघानिया ने कहा कि गड्ढों से आवागमन मुश्किल है। बघौली निवासी जयकरण नाथ गुप्ता के अनुसार, मार्ग पर आए दिन हादसे होते हैं। उन्होंने कस्बे में वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए कम से कम एक ब्रेकर बनाने की जरूरत बताई। स्थानीय लोगों ने गुणवत्ता जांच, क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थायी मरम्मत, सेंटर व एज लाइन और सुरक्षा इंतजाम की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता मुरलीधर गंगवार ने कहा कि इस मार्ग के कुछ हिस्सों इस बार हुई मूसलाधार बारिश से खराब हुए थे। वहां हाल ही में पैचिंग वर्क कराया गया है। शिकायत मिलने पर तत्काल सुधार कराया जाएगा।
सुरसा के दो संपर्क मार्ग भी बदहाल
सुरसा से खुटेहना तक करीब तीन किलोमीटर सड़क जगह-जगह उखड़ी है। सरसैया मोड़ से बहरैया गांव तक करीब दो किलोमीटर मार्ग भी जर्जर है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।