Patna News: पटना में जदयू के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को सुशासन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने कभी अपराध, साम्यवाद और भ्रष्टाचार से समझौता नहीं किया। कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं ने निशांत को मुख्यमंत्री बनाने के नारे लगाए।
निशांत कुमार ने कहा कि वह अपने पिता के रास्ते पर चलेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोगों ने पिताजी को समर्थन दिया है, मुझे भी समर्थन दीजिए। मैं आपके लिए काम करूंगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की बड़ी शक्ति बताया और जनता के सुख-दुख में शामिल रहने की अपील की।
निशांत ने कहा कि उनके पिता ने समाज के सभी वर्गों के लिए विकास का काम किया है। उनकी कोशिश होगी कि विकास का लाभ हर वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धन्यवाद देते हुए कहा कि मौजूदा सरकार नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सहयोग मिल रहा है।
निशांत के समर्थन में नारेबाजी
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब निशांत पार्टी कार्यालय परिसर में घूम रहे थे, तब कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने “बिहार का मुख्यमंत्री कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो” और “बिहार का नेता कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो” के नारे लगाए। इस दौरान निशांत कुमार को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखा।
संजय झा बोले- नीतीश के काम हजार सालों तक याद किए जाएंगे
इस मौके पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने काम से हर बिहारी का सिर गर्व से ऊंचा किया है। उनके काम केवल सौ साल नहीं, बल्कि आने वाले एक हजार वर्षों तक याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने सुशासन, कानून के राज और बुनियादी ढांचे के विकास से बिहार की तस्वीर और पहचान बदली है।
संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने राजनीति में ईमानदारी, पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में बिहार ने विकास और सुशासन की नई पहचान बनाई है। जदयू आगे भी उनके मार्गदर्शन और सिद्धांतों पर चलकर जनसेवा करती रहेगी। कार्यक्रम में नीतीश कुमार के कार्यकाल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को बड़ी स्क्रीन पर भी दिखाया गया।