हिमाचल में मानसून सत्र से पहले गरमाई राजनीति, जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर लगाए राजनीतिक बदले और फोन टैपिंग के गंभीर आरोप

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले राज्य की राजनीति में तल्खी काफी बढ़ गई है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सरकार पर बदले की राजनीति करने और विकास रोकने का सीधा आरोप लगाया।

सरकार पर विकास रोकने और बदले की कार्रवाई का आरोप

जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य में विकास कार्य शुरू करने के बजाय सरकार विरोधियों को निशाना बना रही है। सत्ता संभालते ही बिना किसी जांच के एक हजार से अधिक संस्थान बंद कर दिए गए। पंचायत चुनावों के नतीजों के बाद हार के डर से प्रशासन और पुलिस के जरिए विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है।

बीजेपी नेताओं पर फर्जी एफआईआर दर्ज करने का दावा

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बीजेपी नेताओं और विधायकों के खिलाफ सुनियोजित तरीके से फर्जी केस दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और सुखराम चौधरी पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ। इसके अलावा सुधीर शर्मा, होशियार सिंह, विनोद कुमार और आशीष शर्मा के परिवारों को निशाना बनाया गया है।

ठाकुर ने दावा किया कि राजेंद्र राणा, रवि ठाकुर, देवेंद्र गुप्ता और इंद्र दत्त लखनपाल के परिजनों पर भी राजनीतिक कारणों से कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को बीजेपी नेताओं की एक लिस्ट दी गई है, ताकि किसी भी तरह से उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जा सकें। आने वाले दिनों में और कार्रवाई की तैयारी है।

विधायकों की फोन टैपिंग और लोकेशन ट्रैकिंग का सनसनीखेज आरोप

जयराम ठाकुर ने बहुत बड़ा दावा करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी बीजेपी विधायकों के फोन टैप हो रहे हैं। उनकी लोकेशन भी लगातार ट्रैक की जा रही है। पीएसओ के मोबाइल के माध्यम से विधायकों पर नजर रखी जा रही है और पुलिस गाड़ियो के नंबर तक नोट कर हर गतिविधि पर नजर रख रही है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News