Patna News: बिहार में प्रशासनिक फेरबदल के तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक कुमार सिंह का तबादला कर दिया गया है। उन्हें राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव पद से हटाकर बिहार राज्य योजना परिषद का मुख्य परामर्शी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग के तहत जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक कुमार सिंह के तबादले की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। सरकार के विशेष सचिव संजय कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दीपक कुमार सिंह अगले आदेश तक बिहार राज्य योजना परिषद के मुख्य परामर्शी के पद पर कार्यरत रहेंगे। इसके अतिरिक्त, 1992 बैच के इस वरिष्ठ अधिकारी के पास सामान्य प्रशासन विभाग के महानिदेशक-सह-मुख्य जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी बना रहेगा।
ब्यूरोक्रेसी में रहा है लंबा और प्रभावशाली अनुभव
दीपक कुमार सिंह बिहार कैडर के बेहद वरिष्ठ और प्रभावशाली नौकरशाहों में गिने जाते हैं। प्रशासनिक सेवा के शुरुआती दौर में वे बिहार और झारखंड के कई जिलों में जिलाधिकारी (डीएम) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। राज्य की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में उनका लंबा अनुभव रहा है और वे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी अधिकारियों में शुमार किए जाते रहे हैं।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद जब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई व्यवस्था बनी, तब भी वे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल रहे। हालांकि बाद के घटनाक्रमों में उन्हें मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव पद से हटाकर बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया था और इसके बाद वे राज्यपाल सचिवालय में अपर मुख्य सचिव के रूप में तैनात थे।
केंद्र सरकार में भी संभाल चुके हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां
राज्य में विभिन्न विभागों का दायित्व संभालने के साथ-साथ दीपक कुमार सिंह केंद्र सरकार में भी कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं। वे कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के महानिदेशक पद पर रहे, जहां उन्होंने स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यों का नेतृत्व किया। इसके अलावा, जून 2017 में उन्हें भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) का चेयरमैन भी नियुक्त किया गया था, जहां उन्होंने बुनियादी ढांचा क्षेत्र से जुड़े प्रमुख नीतिगत कार्यों को संभाला।