Una News: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली में हिमाचल पथ परिवहन निगम के पहले ई-बस डिपो का लोकार्पण किया। उन्होंने एचआरटीसी के नए क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन भी किया। इसके साथ ही उन्होंने चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ कर चार नई बसों को हरी झंडी दिखाई और हरोली-श्री चिंतपूर्णी बस सेवा की घोषणा की।
हरोली ई-बस डिपो से होगा 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन
हरोली बस स्टैंड पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य को मिल रही 297 इलेक्ट्रिक बसों में से 115 बसें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को मिली हैं। हरोली ई-बस डिपो से 20 बसों का संचालन होगा, जबकि पूरे ऊना जिले में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। इससे स्थानीय परिवहन और कनेक्टिविटी काफी मजबूत होगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दो वर्षों में नए बस स्टैंड के निर्माण के बाद हरोली को ई-बस डिपो का बड़ा उपहार मिला है। इससे क्षेत्र के निवासियों का पुराना सपना पूरा हो गया है। आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ हरोली अब राज्य में सार्वजनिक परिवहन का एक बड़ा केंद्र बन रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
ठियोग, नाहन, नादौन और कांगड़ा में भी बनेंगे नए ई-बस डिपो
मुकेश अग्निहोत्री ने जानकारी दी कि ठियोग, नाहन और नादौन में भी नए ई-बस डिपो बनाए जा रहे हैं। एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा की मांग पर उन्होंने कांगड़ा में भी डिपो स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सोमवार को ऊना से भी नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में पहला ई-बस डिपो बनने से विरोधी हैरान हैं। उन्होंने कहा कि जिन्हें विकास कार्य पसंद नहीं आते, उन्हें हर अच्छे काम से परेशानी होती है। सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर जीर्णोद्धार पर खर्च होंगे 250 करोड़ रुपये
विधायक सुदर्शन बबलू की मांग पर उपमुख्यमंत्री ने अंब बस स्टैंड का निर्माण एक साल में पूरा करने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि 250 करोड़ रुपये की लागत से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर का जीर्णोद्धार जल्द शुरू होगा। उन्होंने देश-विदेश के श्रद्धालुओं से इस पुनीत कार्य में दिल खोलकर योगदान देने की अपील की।
उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हरोली में बन रहे बल्क ड्रग पार्क के लिए राज्य सरकार 1000 करोड़ रुपये देगी। ऊना के पुराने बस स्टैंड को आधुनिक सिटी सेंटर के रूप में संवारा जाएगा और जिले में टायर रिट्रेडिंग प्लांट भी लगेगा। उन्होंने कहा कि उनका कोई व्यक्तिगत हित नहीं है और वे हमेशा जनता की सेवा करेंगे।