Kallakurichi News: कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने कल्लाकुरिची की जिला कलेक्टर द्वारा टीवीके विधायक सी. अरुल विग्नेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद तुरंत कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी के भी पद की वजह से उसे कानून से ऊपर नहीं माना जाना चाहिए। डीएमके सांसद कनिमोझी ने भी कार्रवाई में देरी पर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने सोमवार को टीवीके विधायक सी. अरुल विग्नेश के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की मांग की। यह मांग तब सामने आई जब ऐसी खबरें आईं कि कल्लाकुरिची की जिला कलेक्टर ने उनके खिलाफ पुलिस अधीक्षक (SP) के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
टैगोर ने क्या कहा?
एक रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए टैगोर ने कहा कि यह घटना चौंकाने वाली है। उन्होंने मांग की कि संबंधित कानूनी धाराओं के तहत विधायक के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने तमिलनाडु सरकार से भी हस्तक्षेप करने और जिला कलेक्टर को न्याय दिलाने की अपील की।
टैगोर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “द हिंदू में छपी जानकारी चौंकाने वाली है। चूंकि पीड़ित महिला अधिकारी ने खुद शिकायत दर्ज कराई है, इसलिए कल्लाकुरिची के विधायक अरुल विग्नेश के खिलाफ तुरंत कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए और बिना किसी देरी के कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।”
टैगोर ने कहा कि सार्वजनिक पदों पर तैनात महिला अधिकारियों की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किसी के भी पद की वजह से उसे कानून से ऊपर नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “सार्वजनिक पद पर काम कर रही महिला अधिकारी की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का कर्तव्य है। केवल सत्ता में होने के कारण किसी को भी कानून से छूट नहीं मिलनी चाहिए।”
डीएमके ने क्या कहा?
डीएमके सांसद कनिमोझी ने भी टीवीके विधायक के खिलाफ अनुचित व्यवहार के आरोपों को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए जिला कलेक्टर की तारीफ की। उन्होंने विधायक के खिलाफ कार्रवाई में कथित देरी को लेकर टीवीके प्रमुख विजय से सवाल किया। एक्स पर एक पोस्ट में कनिमोझी ने कहा कि उन्होंने पहले ही इस मामले की जांच और सरकारी कार्रवाई की मांग की थी, जब जिला कलेक्टर के प्रति विधायक के कथित बर्ताव की खबरें सामने आई थीं।
उन्होंने कहा, “जब ऐसी खबरें आईं कि टीवीके विधायक अरुल विग्नेश ने जिला कलेक्टर के साथ अनुचित व्यवहार किया है तो मैंने लगातार मांग की कि इसकी जांच होनी चाहिए और सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए।” उन्होंने उन लोगों से भी सवाल किया जिन्होंने इस मुद्दे को उठाने के लिए उनकी, अन्य राजनीतिक नेताओं और डीएमके की आलोचना की थी। उन्होंने उन पर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।
विजय से सवाल
जिला कलेक्टर की तारीफ करते हुए कनिमोझी ने कहा कि उनका यह कदम कार्यस्थल पर उत्पीड़न का सामना कर रही महिलाओं के लिए एक मिसाल बनेगा। उन्होंने विधायक के खिलाफ कार्रवाई न होने के मुद्दे पर विजय से सवाल किया और पूछा कि क्या मुख्यमंत्री कोई कदम उठाएंगे या फिर महिलाओं की सुरक्षा के बजाय अपनी पार्टी के साथी को बचाना ही उनकी प्राथमिकता बनी रहेगी।