Bengaluru News: गायक दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। आजतक के न्यूज फ्लैश के मुताबिक धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। दिलजीत का बेंगलुरु शो 29 नवंबर को नाइस ग्राउंड्स में होना है, जबकि उनके मुंबई कॉन्सर्ट को लेकर 23 नवंबर को पुणे जिला अदालत को धमकी भरा ईमेल भी मिला था।
बेंगलुरु शो 29 नवंबर को
दिलजीत दोसांझ अपने रूपे ऑरा इंडिया टूर 2026 के तहत देश के कई शहरों में प्रस्तुति दे रहे हैं। टूर के कार्यक्रम के मुताबिक दिल्ली में 1 नवंबर, इंदौर में 15 नवंबर और अहमदाबाद में 21 नवंबर को शो हुए। इसके बाद मुंबई में 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स और बेंगलुरु में 29 नवंबर को नाइस ग्राउंड्स में शो होना है। लखनऊ में 5 दिसंबर को शो प्रस्तावित है।
मुंबई कॉन्सर्ट को लेकर पहले भी धमकी
इससे पहले 23 नवंबर को पुणे की जिला अदालत को एक धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट और अभिनेता अमिताभ बच्चन के आवास जलसा का जिक्र था। रिपोर्टों के मुताबिक ईमेल कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया था। ईमेल में पुणे कोर्ट परिसर में दोपहर 2:29 बजे बम धमाके की धमकी भी दी गई थी। ईमेल 23 नवंबर को दोपहर 1:46 बजे ‘glorydoges5784@gmail.com’ से भेजा गया था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया था।
रिपोर्टों के मुताबिक इससे पहले अक्टूबर में भी दिलजीत के 27 नवंबर के मुंबई कॉन्सर्ट को लेकर धमकी भरा ईमेल आया था, जिसकी जांच के बाद उसे अफवाह पाया गया था। अहमदाबाद कॉन्सर्ट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मुंबई पुलिस ने कॉन्सर्ट के लिए अतिरिक्त सुरक्षा के इंतजाम किए हैं।