Lucknow News: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर दूसरे दौर की बातचीत से पहले सपा ने अपनी कमेटी में फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद को शामिल कर लिया है। सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि दोनों दल अब एक-एक सीट पर चर्चा करेंगे और गठबंधन में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
राजीव राय ने बताया कि कांग्रेस की ओर से दी गई सीटों की सूची सपा को मिल गई है और सपा ने भी अपना प्रस्ताव कांग्रेस को भेज दिया है। कांग्रेस की नई सूची पर सपा ने विचार कर लिया है और अब बैठक में अपना पक्ष रखेगी। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के नेता लगातार एक-दूसरे के संपर्क में हैं और यह पहली बार बातचीत नहीं हो रही है।
कमेटी में अब पांच नाम
सपा की ओर से सीट बंटवारे और गठबंधन पर बातचीत के लिए बनाई गई कमेटी में अब अवधेश प्रसाद भी शामिल हो गए हैं। कमेटी में पहले से सपा सांसद रामगोपाल यादव, सपा सांसद राजीव राय, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और सपा सांसद इकरा हसन शामिल हैं।
बीजेपी को हराना ही मकसद, सहमति में लग सकता है समय
राजीव राय ने कहा कि दोनों दलों का मकसद भारतीय जनता पार्टी को हराना है और इसके लिए ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत जरूरी है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं और दोनों दल इन सभी सीटों को ध्यान में रखकर रणनीति बना रहे हैं, इसलिए सीटों पर सहमति बनने में थोड़ा समय लग सकता है।
पहले दौर में क्या हुआ था
सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच कई हफ्तों से बातचीत चल रही है। सोमवार को दिल्ली में हुई पहली बैठक महज 20 मिनट चली थी और उसमें कोई नतीजा नहीं निकला था। कांग्रेस ने पहले 181 सीटों की मांग की थी, लेकिन अब उसने अपनी मांग घटा दी है।
गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 6 पर जीत हासिल की थी। समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें जीती थीं, जबकि भारतीय जनता पार्टी की सीटें 2019 के 62 से घटकर 33 रह गई थीं। उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 और विधानसभा की 403 सीटें हैं।