New Delhi News: भारतीय जनता पार्टी ने ब्रिक्स नई दिल्ली घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की स्पष्ट निंदा को भारत की बड़ी कूटनीतिक सफलता बताया है। पार्टी के अनुसार, यह साझा दस्तावेज आतंकवाद, शांति, सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और न्यायपूर्ण वैश्विक व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विकासशील देशों के बीच आम सहमति बनाने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सीमा पार आतंकवाद पर कड़ा संदेश और वैश्विक सहमति
ब्रिक्स घोषणापत्र में अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले की कड़े शब्दों में भर्त्सना की गई, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि घोषणापत्र में आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस, सीमा पार आतंक के खात्मे और आतंकियों की जवाबदेही तय करने का आह्वान किया गया है, जो वैश्विक सहमति की मिसाल है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि भारत के नेतृत्व में ब्रिक्स 2026 विकासशील और कम विकसित देशों यानी ग्लोबल साउथ को सशक्त आवाज दे रहा है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अंतरराष्ट्रीय मंचों पर शांति, संवाद और न्यायसंगत समाधान के लिए मजबूती से कार्य कर रहा है।