Mathura News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर मथुरा के परखम स्थित दीनदयाल धाम में चल रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय योजना बैठक मंगलवार को अपने निर्णायक दौर में पहुंचेगी। पार्टी सूत्रों और संगठनात्मक कार्यक्रम के अनुसार, बैठक के दूसरे दिन सुबह 11 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी इसमें शामिल होंगे। उनके पहुंचने के बाद चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों से जुड़े प्रमुख विषयों पर अंतिम मंथन होगा। यह बैठक दोपहर करीब ढाई बजे तक प्रस्तावित है।
पार्टी नेताओं के मुताबिक, सोमवार को हुई पहले दिन की बैठक में प्रदेश में सत्ता की वापसी के लिए राजनीतिक समीकरण, सामाजिक प्रतिनिधित्व, युवाओं को संगठन से जोड़ने, बूथ प्रबंधन और विपक्ष की रणनीति का मुकाबला करने जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इन विषयों पर तैयार किए गए प्रमुख प्रस्ताव मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सामने प्रस्तुत किए जाएंगे।
केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद तय होगी आगामी दिशा
संगठन स्तर पर हुई चर्चा और वरिष्ठ पदाधिकारियों से मिले सुझावों के आधार पर आगे की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। राजनीतिक विश्लेषकों और पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की उपस्थिति इस लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है कि प्रदेश नेतृत्व, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच हुए मंथन को अब केंद्रीय नेतृत्व की औपचारिक सहमति मिलेगी।
भाजपा के आंतरिक सूत्रों के अनुसार, बैठक में सामने आए प्रस्तावों पर नितिन नवीन की मुहर लगने के बाद उन्हें प्रदेश भर में चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों के रूप में लागू करने की दिशा तय होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन के अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद हैं।