फिरोजपुर में पड़ी थी गठबंधन की नींव, नौ महीने में ऐसे करीब आए अकाली दल और भाजपा

Share

- Advertisement -

Punjab News: पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के बीच दोबारा गठबंधन की पटकथा 2026 की शुरुआत में फिरोजपुर में लिखी गई थी। 10 फरवरी 2026 को तत्कालीन राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की अगुवाई में नशे के खिलाफ पदयात्रा और रैली हुई, जिसमें सुखबीर सिंह बादल, अश्वनी शर्मा और डेरा ब्यास के मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों एक साथ नजर आए।

10 फरवरी को फिरोजपुर में हुई थी नशा विरोधी रैली

10 फरवरी 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्वनी शर्मा और डेरा ब्यास के मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों भी पहुंचे थे। खास बात यह थी कि लंबे समय बाद अकाली दल और भाजपा के बड़े नेता एक ही सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आए। यह पदयात्रा सारागढ़ी गुरुद्वारे से शुरू होकर फिरोजपुर शहर के स्कूल ऑफ एमिनेंस तक गई थी। स्थानीय जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के बाद राज्यपाल, सुखबीर सिंह बादल, अश्वनी शर्मा और बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के बीच बंद कमरे में बैठक भी हुई।

बड़े भाई से छोटे भाई की भूमिका तक कैसे बदली तस्वीर

14 मार्च 2026 को मोगा में आयोजित रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि भाजपा पंजाब में बड़े भाई की भूमिका में होगी। भाजपा की तरफ से सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी भी दिखाई जा रही थी। इसके बाद 22 अगस्त को पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष फतेह जंग बाजवा ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि यदि अकाली दल के साथ गठबंधन होता है तो भाजपा बड़े भाई की भूमिका में होनी चाहिए। पार्टी का तर्क था कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उसका प्रदर्शन अकाली दल से बेहतर रहा है। लेकिन 24 नवंबर को गठबंधन की घोषणा के दौरान तस्वीर पूरी तरह बदल गई — घोषणा के दौरान अमित शाह ने कहा कि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में होगा और मुख्यमंत्री भी उसी का रहेगा।

सीएम सैनी की बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकात

आधिकारिक तौर पर फिरोजपुर की बैठक को नशे के खिलाफ अभियान और पंजाब के सामाजिक हालात के संदर्भ में बताया गया, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसके अलग-अलग मायने निकाले गए। सवाल उठने लगा कि क्या इसी बैठक से अकाली दल और भाजपा के बीच दोबारा बातचीत का रास्ता खुला था? इसके बाद घटनाक्रम जिस तरह आगे बढ़ा, उसने इन चर्चाओं को और हवा दी। 27 मार्च 2026 को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकात की।

मई माह में डेरा ब्यास पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

इसके बाद 30 मई को पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केवळ सिंह ढिल्लों डेरा ब्यास पहुंचे और बाबा जी से आशीर्वाद लिया। अगले दिन 31 मई को नायब सिंह सैनी ने भी डेरा ब्यास पहुंचकर मुलाकात की। इन मुलाकातों को धार्मिक और सामाजिक शिष्टाचार बताया गया, लेकिन पंजाब की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों में इनके सियासी मायने भी निकाले गए। दूसरी तरफ अकाली दल ने भी अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाने शुरू कर दिए। पार्टी से अलग हुए पुराने नेताओं की वापसी का सिलसिला तेज हुआ।

7 नवंबर 2026 को पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा अपने बेटे हरिंदरपाल सिंह चंदूमाजरा के साथ सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व वाले अकाली दल में वापस आ गए। उनकी वापसी को पार्टी के पुराने राजनीतिक आधार को फिर से एकजुट करने की कोशिश के रूप में देखा गया। इसके बाद 15 नवंबर को पूर्व एसजीपीसी अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने भी सुखबीर बादल के नेतृत्व वाले अकाली दल में वापसी कर ली। बीबी जागीर कौर कभी सुखबीर बादल की मुखर विरोधी रही थीं और अलग राजनीतिक धड़े के साथ जुड़ी हुई थीं। उनकी वापसी के बाद उन्हें भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी भी दी गई।

इस तरह प्रेम सिंह चंदूमाजरा और बीबी जागीर कौर जैसे पुराने नेताओं की वापसी से अकाली दल ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपने संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। इसी दौरान बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों के साथ मुलाकातों का सिलसिला भी जारी रहा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News