Lucknow News: लखनऊ के दुबग्गा इलाके में सुनसान मकान में चल रही अवैध ऑक्सीटोसिन फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी में करीब 2.05 करोड़ रुपये का प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन, निर्माण सामग्री और उपकरण बरामद किए हैं। मौके से दिलदार और इरफान नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
राजधानी लखनऊ के दुबग्गा के मौहारी (जेहटा) गांव में सुनसान मकान में प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। टीम को मकान के पीछे खड़ी पिकअप में बोरियां लादते दो व्यक्ति मिले। मकान के भीतर ऑक्सीटोसिन बनाने और पैकिंग का पूरा सेटअप मिला। छापेमारी में 37 बोरियों में रखी करीब 3700 बोतलें, 1.77 लाख से अधिक प्लास्टिक एम्प्यूल और करीब 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन बरामद हुआ। इसके अलावा संदिग्ध पाउडर, करीब आठ हजार खाली बोतलें, हजारों ढक्कन, रबर कैप और सीलिंग मशीनें मिलीं।
बिहार से मंगाते थे पाउडर, घर में बनाते थे नकली ऑक्सीटोसिन
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑक्सीटोसिन पाउडर में नमक, पानी और फिनायल मिलाकर अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन तैयार करते थे और फिर उसकी पैकिंग कर बिक्री करते थे। इस काम में एक अन्य सहयोगी भी शामिल है, जिसके जरिए बिहार से ऑक्सीटोसिन पाउडर मंगाया जाता था, जबकि कुछ सामग्री गाजियाबाद से भी खरीदी जाती थी। तैयार माल की आपूर्ति भैंस पालकों और सब्जी विक्रेताओं को की जाती थी।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी इसी अपराध में जेल जा चुके हैं और छूटने के बाद उन्होंने फिर यही काम शुरू कर दिया था। उन्होंने बताया कि यही उनकी आय का जरिया था। मौके पर इस्तेमाल हो रहा पिकअप वाहन भी उन्होंने इसी काम के लिए खरीदा था और इसी से माल की आपूर्ति करते थे।
आमजन की सेहत के लिए बड़ा खतरा
अवैध ऑक्सीटोसिन का प्रयोग पशुओं तथा सब्जियों और फलों पर किया जाता है, जिससे आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा होता है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियमावली, 1945 के नियम 105 के तहत ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री केवल सिंगल यूनिट ब्लिस्टर पैक में ही हो सकती है। प्लास्टिक की बोतलों और एम्प्यूल में इसका निर्माण और विक्रय पूरी तरह अवैध है।
दुबग्गा थाने में एफआईआर, 9 नमूने जांच को भेजे
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4), 319(2), 325, 280, 276 और 112 के तहत दुबग्गा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एफएसडीए के औषधि निरीक्षकों ने जांच और विश्लेषण के लिए बरामद सामग्री के 9 नमूने भेजे हैं। आरोपियों को कच्चा माल देने वाले आपूर्तिकर्ताओं और तैयार माल के खरीदारों की पहचान के लिए जांच जारी है।