National News: महाराष्ट्र की विद्या परशुरामकर ने बाजरे के आटे की शेल्फ लाइफ 10 दिन से बढ़ाकर छह महीने करने की तकनीक विकसित की है। उनकी पहल मिलेट्स नाउ के जरिए गांवों के चार लाख से अधिक बच्चों तक बाजरे से पौष्टिक भोजन पहुंच रहा है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें TIME की TIME100 नेक्स्ट इंडिया 2026 सूची में जगह मिली है।
विद्या परशुरामकर खुद खून की कमी यानी एनीमिया की बीमारी से जूझीं। अपने इसी अनुभव ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर किया कि ऐसे कितने बच्चे होंगे, जिन्हें पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता होगा। उन्होंने ठान लिया था कि वह ऐसा किफायती और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेंगी, जिससे खासकर बच्चों को पोषण की कमी से बचाया जा सके।
आईआईटी खड़गपुर से फूड टेक्नोलॉजी में मास्टर डिग्री की पढ़ाई के दौरान उन्होंने कम कीमत में आयरन से भरपूर भोजन उपलब्ध कराने के तरीकों पर काम शुरू किया। इसी तलाश में उनकी नजर बाजरे पर पड़ी। बाजरा आयरन और दूसरे पोषक तत्वों से भरपूर होता है और ग्रामीण भारत में आसानी से उपलब्ध भी है। लेकिन इसके आटे के साथ एक बड़ी समस्या थी — बाजरे का आटा कुछ ही दिनों में खराब होने लगता है और इसकी शेल्फ लाइफ आमतौर पर करीब 10 दिन होती है।
लाइपेज एंजाइम को निष्क्रिय करने की तकनीक
पुणे स्थित एग्रोजी ऑर्गेनिक्स में इंटर्नशिप के दौरान विद्या ने बाजरे के आटे पर शोध किया। उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने ऐसी तकनीक विकसित की, जिससे आटे को खराब करने वाले लाइपेज एंजाइम को निष्क्रिय किया जा सकता है। इस तकनीक की मदद से बाजरे के आटे की शेल्फ लाइफ 10 दिन से बढ़कर छह महीने हो गई। सबसे खास बात यह है कि इसके लिए किसी तरह के प्रिजर्वेटिव की जरूरत नहीं पड़ती और आटे में मौजूद आयरन भी बरकरार रहता है।
इसके बाद विद्या एग्रोजी ऑर्गेनिक्स की को-फाउंडर बन गईं। उन्होंने अपनी कंपनी के जरिए मिलेट्स नाउ नाम से एक पहल शुरू की, जिसका मकसद ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों और परिवारों तक बाजरे और दूसरे मिलेट्स से बने पौष्टिक खाद्य उत्पाद पहुंचाना है। TIME मैगजीन की प्रोफाइल के मुताबिक, इस पहल के जरिए ग्रामीण भारत के विभिन्न हिस्सों में 4 लाख से अधिक बच्चों तक बाजरे से बने खाद्य उत्पादों के बॉक्स पहुंचाए जा रहे हैं। कंपनी के Nutri Dabba कार्यक्रम के तहत बच्चों को कुकीज, मिलेट बार, लड्डू, खाखरा और तैयार होने वाली खिचड़ी जैसे उत्पाद उपलब्ध कराए जाते हैं।
किसानों और महिलाओं की आजीविका को भी सहारा
विद्या की यह पहल सिर्फ बच्चों के पोषण तक सीमित नहीं है। उनकी कंपनी करीब 7,000 छोटे किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों के साथ भी काम कर रही है। इससे स्थानीय किसानों को बाजार से जोड़ने और ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को सहयोग देने का अवसर मिल रहा है। ग्रामीण भारत के बच्चों तक पौष्टिक भोजन पहुंचाने के साथ किसानों और महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने को लेकर ही उन्हें यह सम्मानित जगह दी गई है।
विद्या को उनके काम के लिए पहले भी सम्मान मिल चुका है। साल 2025 में उन्हें ग्रामीण विकास में योगदान के लिए रोहिणी नैय्यर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। आईआईटी खड़गपुर एलुमनाई फाउंडेशन के मुताबिक यह सम्मान पाने वाली वह पहली महिला बनी थीं। पुरस्कार स्वीकार करते हुए उन्होंने अपनी पहचान और संघर्ष को याद करते हुए कहा था, ‘मैं एक किसान की बेटी हूं और खुद एनीमिया से पीड़ित रही हूं।’