New Delhi News: सुप्रीम कोर्ट में आयोजित तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत का समापन रविवार को 1,712 मामलों के सफल निपटारे के साथ हुआ। ‘समाधान समारोह 2026’ पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 3,285 मामले सूचीबद्ध किए गए थे। इनमें से 1,664 मामलों का फैसला लोक अदालत और 48 का समाधान मध्यस्थता से हुआ।
चीफ जस्टिस के मार्गदर्शन में शुरू हुई थी विशेष पहल
यह तीन दिवसीय विशेष लोक अदालत 21 से 23 अगस्त तक आयोजित की गई थी। यह कार्यक्रम सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत के मार्गदर्शन में शुरू हुए ‘समाधान’ अभियान का अंतिम चरण था। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आपसी सहमति और बातचीत के जरिए लंबित मामलों को तेजी से निपटाना था।
इस पूरी प्रक्रिया की शुरुआत 21 अप्रैल को एक व्यवस्थित प्री-सेटलमेंट व्यवस्था के साथ की गई थी। इसके तहत उन पुराने मामलों की पहचान की गई, जिनमें आपसी समझौते की पूरी गुंजाइश थी। अंतिम सुनवाई से पहले ही पक्षकारों और उनके वकीलों से बातचीत करके सहमति बनाने का काम पूरा किया गया।
आपसी सहमति से सुलझे विवाद, पक्षकारों को मिली बड़ी राहत
विशेष लोक अदालत की बेंचों ने दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान पारिवारिक विवाद, प्रॉपर्टी, मोटर दुर्घटना दावा और टैक्स से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ सुना गया। इस व्यवस्था से पक्षकारों को अदालती चक्कर और मुकदमेबाजी के भारी खर्च से बड़ी राहत मिली है।