Delhi News: शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संसद मार्च आंदोलन का श्रेय भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को दिया है। राउत ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि सीजेआई की टिप्पणी ने देश के युवाओं में नई जान फूंक दी है । सीजेपी का गठन सीजेआई के उस बयान के बाद हुआ था ।
सोमवार को जंतर-मंतर से संसद भवन तक निकाले गए इस पैदल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प हो गई। दिल्ली पुलिस के अनुसार इस हिंसा में 118 से अधिक पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है।
सीजेआई की किस टिप्पणी पर शुरू हुआ विवाद
दरअसल मई महीने में एक मामले की सुनवाई के दौरान सीजेआई सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं को लेकर तीखी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि कुछ युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जो कोई रोजगार न मिलने पर विभिन्न क्षेत्रों में जाकर व्यवस्था पर हमला करने लगते हैं। इस बयान पर काफी विवाद हुआ था ।
हालांकि बाद में सीजेआई ने इस मामले पर अपनी सफाई भी दी थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनकी टिप्पणी सामान्य युवाओं के लिए नहीं थी, बल्कि फर्जी डिग्रियों के सहारे कानूनी या अन्य पेशों में घुसपैठ करने वालों के लिए थी। उन्होंने युवाओं को देश का मुख्य स्तंभ बताया था ।