Prayagraj News: रेलवे भर्ती बोर्ड प्रयागराज की ग्रुप डी भर्ती प्रक्रिया को लेकर शनिवार को दो महत्वपूर्ण अपडेट सामने आए हैं। एक ओर जहां पुरानी भर्ती के दूसरे चरण की शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हो गई, वहीं नई ग्रुप डी भर्ती 2026 की एग्जाम सिटी स्लिप भी जारी कर दी गई है।
प्रयागराज स्थित डीएसए ग्राउंड पर ग्रुप डी भर्ती के दूसरे चरण की शारीरिक परीक्षा शनिवार से प्रारंभ हुई। बारिश और चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच आयोजित इस परीक्षा में अभ्यर्थियों को 35 किलोग्राम वजन की बोरी उठाकर 2 मिनट में 100 मीटर की दूरी तय करनी थी।
बारिश के कारण 160 अभ्यर्थियों की परीक्षा स्थगित, 251 अभ्यर्थी हुए पास
मंडल पीआरओ अमित सिंह के अनुसार परीक्षा के लिए कुल 1000 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 640 अभ्यर्थी पहुंचे। दोपहर में तेज बारिश के कारण ट्रैक प्रभावित होने से केवल 480 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी हो सकी, जिनमें से 251 अभ्यर्थी सफल रहे और 229 बाहर हो गए।
खराब मौसम के कारण शेष 160 अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा स्थगित कर दी गई है, जिन्हें नई तारीख पर बुलाया जाएगा। वहीं महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 28 जुलाई को आयोजित होगी, जिसमें उन्हें 20 किलोग्राम वजन उठाकर निर्धारित समय में दौड़ पूरी करनी होगी।
3 अगस्त से होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा, ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
रेलवे भर्ती बोर्ड ने नई ग्रुप डी भर्ती 2026 के लिए परीक्षा शहर की स्लिप आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड कर दी है। इस भर्ती के जरिए देश भर में 22,195 पदों पर नियुक्तियां होंगी, जिनमें अकेले प्रयागराज मंडल के तहत 1,183 पद शामिल हैं।
ग्रुप डी की कंप्यूटर आधारित परीक्षा 3 अगस्त से 21 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी अपनी परीक्षा तिथि से ठीक चार दिन पहले आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी।