New Delhi News: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि समाज में महिलाओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए हिंसा का सहारा लिया जाता है। उन्होंने देश में 80 प्रतिशत महिलाओं द्वारा उत्पीड़न का सामना करने का दावा करते हुए महिलाओं से अपनी आवाज उठाने की अपील की।
पार्टी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा को तीन श्रेणियों- शारीरिक हिंसा, अवसरों से वंचित करना और आर्थिक हिंसा में बांटा। उन्होंने दावा किया कि देश में सामाजिक कलंक और डर के चलते यौन हिंसा से जुड़े 99 फीसदी मामलों की आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं हो पाती है।
सामाजिक पाबंदियों और अवसरों में असमानता का उठाया मुद्दा
कांग्रेस नेता ने कहा कि सुरक्षा के नाम पर 50 प्रतिशत महिलाओं को शिक्षा या रोजगार से दूर रखा जाता है। उन्होंने दावा किया कि 60 प्रतिशत महिलाएं अकेले घर से बाहर नहीं जा सकतीं। लड़कों को जहां कई मौके मिलते हैं, वहीं लड़कियों को शादी के नाम पर पढ़ाई और परीक्षा छोड़ने के लिए मजबूर किया जाता है।
आर्थिक असमानता और घरेलू जिम्मेदारियों पर दिया जोर
राहुल गांधी के अनुसार, 45 प्रतिशत महिलाओं को पारिवारिक कारणों से करियर छोड़ना पड़ता है और केवल 8 प्रतिशत महिलाओं के नाम पर जमीन दर्ज है। उन्होंने कहा कि महिलाएं पुरुषों से 25 प्रतिशत कम कमाती हैं और घरों में 15 से 29 वर्ष की युवतियां लड़कों के मुकाबले कई घंटे अधिक बिना वेतन का काम करती हैं।