Palwal News: हरियाणा के पलवल जिले के चांदहट गांव से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां बकरी के दूध से बनी लस्सी पीने के बाद एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
परिजन पीड़ितों को इलाज के लिए पलवल के नागरिक अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों की टीम ने करीब तीन घंटे तक पेट से जहरीले तत्व निकालने का प्रयास किया। सातों मरीजों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नूंह के शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
दूध में जहरीले पदार्थ की आशंका, परिजनों ने जताई साजिश
पीड़ित परिवार पिछले दो सालों से बकरी पालन कर अपनी आजीविका चला रहा है। रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे दूध निकालकर लस्सी बनाई गई थी। लस्सी पीने के 15 से 20 मिनट के भीतर ही बच्चों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए और परिवार के बाकी सदस्य बेहोश होने लगे।
परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी ने दूध में जहरीला पदार्थ मिलाया हो सकता है। वहीं पीड़ितों का कहना है कि खेत में कीटनाशक के असर या बकरी की बीमारी से भी दूध प्रभावित हो सकता है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन जांच के बाद ही असली कारणों का खुलासा कर पाएगा।