Paradip News: ओडिशा के पारादीप पोर्ट से चीन के लिए रवाना हुआ एक मालवाहक जहाज गहरे समुद्र में अचानक लापता हो गया है। तट से लगभग 200 नॉटिकल मील दूर इस जहाज से संपर्क टूट गया। भारतीय कोस्ट गार्ड और नौसेना ने मिलकर समुद्र में बड़ा सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है।
कच्चा लोहा लेकर चीन जा रहा था पनामा का जहाज
पोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक पनामा के झंडे वाला यह जहाज 20 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे रवाना हुआ था। इस मालवाहक जहाज में लगभग 1700 टन कच्चा लोहा लदा हुआ था। बंदरगाह से करीब 200 नॉटिकल मील आगे निकलने के बाद अचानक इसका रेडियो संपर्क पूरी तरह टूट गया।
जहाज पर 24 क्रू मेंबर्स सवार, डूबने की आशंका
लापता जहाज पर 20 चीनी, 1 बांग्लादेशी और 3 म्यांमार के नागरिकों सहित कुल 24 क्रू मेंबर्स मौजूद हैं। ऐसी आशंका है कि जहाज गहरे समुद्र में डूब गया है और क्रू मेंबर्स लाइफ जैकेट्स और लाइफबोट्स के सहारे मदद का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अंडमान-निकोबार यूनिट ने संभाला सर्च ऑपरेशन का जिम्मा
कोस्ट गार्ड पारादीप के डीआईजी संजय नेगी ने बताया कि इस रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान अंडमान और निकोबार यूनिट संभाल रही है। उन्होंने कहा कि बचाव दल जल्द मौके पर पहुंचेंगे। इसके अलावा आसपास के समुद्री क्षेत्र में मौजूद अन्य जहाजों को भी अलर्ट जारी कर मदद के लिए तैयार रहने को कहा गया है।