Nuh News: नूंह जिले के आकेड़ा थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में गोली लगने से एक 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में 32 नामजद आरोपियों सहित 20-25 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला निजामपुर निवासी खुर्शीद की शिकायत पर दर्ज हुआ है। आरोप है कि शाम के वक्त आरोपियों ने उनके परिवार पर पथराव शुरू कर दिया। इसी दौरान आरोपी अब्बास ने अवैध हथियार से साजिद पर गोली चला दी, जिससे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पूर्व नियोजित रंजिश का आरोप, गांव में पुलिस बल तैनात
मृतक के परिजनों का आरोप है कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश चल रही थी और यह हमला पूर्व नियोजित था। कई बार समझौते की कोशिशें भी नाकाम रही थीं। घटना के समय हमलावरों की बड़ी संख्या थी, जिन्होंने अचानक हमला कर दिया। मृतक साजिद पेशे से मिस्त्री था।
घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गया है। परिजनों ने सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई है। उधर, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश, स्थिति नियंत्रण में
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल गांव में हालात पूरी तरह से सामान्य और नियंत्रण में हैं।