Nagpur News: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सभी राज्यों से बाइक टैक्सी सेवाओं को तुरंत मंजूरी देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इस कदम से देशभर में करीब आठ करोड़ लोगों को रोजगार मिलेगा। केंद्र सरकार पहले ही निजी दोपहिया वाहनों को यात्री सेवा के लिए अनुमति दे चुकी है।
महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि परिवहन राज्य का विषय होने के कारण कई राज्य अब भी हिचकिचा रहे हैं। राज्यों को आगे आकर अनुमति देनी चाहिए ताकि ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में युवाओं के लिए आजीविका के नए रास्ते खुल सकें।
हाइवे निर्माण और खदान कर्मियों के लिए ‘सुरक्षा’ प्रोजेक्ट शुरू
गडकरी ने हाई-रिस्क वर्कर्स और ड्राइवरों के लिए ‘सुरक्षा’ नामक पायलट प्रोजेक्ट लॉन्च किया। इसके तहत नागपुर-काम्पटी और चंद्रपुर खनन क्षेत्र में 150 किलोमीटर के दायरे में करीब 10 हजार कर्मियों की मुफ्त मेडिकल जांच होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ड्राइवरों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है।
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कटेगा पॉइंट, रद्द होगा लाइसेंस
सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए मोटर वाहन कानून में कड़े संशोधन की तैयारी है। इसके तहत ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर नेगेटिव पॉइंट सिस्टम लागू होगा। बार-बार नियम तोड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस सीधे निलंबित या रद्द कर दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस सख्त व्यवस्था से वाहन चालकों में जिम्मेदारी की भावना बढ़ेगी।