New Delhi News: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 22 से 23 नवंबर 2026 तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, मार्च में पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी। सोमवार को दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार, 22 नवंबर को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचेंगे। विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार, 20 नवंबर को इस यात्रा की आधिकारिक जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही यह यात्रा 22 से 23 नवंबर तक चलेगी।
मार्च में नेपाल के प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद बालेंद्र शाह की यह पहली भारत यात्रा है। यात्रा के दौरान सोमवार, 23 नवंबर को वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।
‘पड़ोसी प्रथम’ नीति और द्विपक्षीय सहयोग पर जोर
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा को आगे बढ़ाती है और भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को दर्शाती है।” मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरे से द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने और पारस्परिक लाभ वाले सहयोग को बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
विदेश मंत्रालय ने आगे कहा, “भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों तथा लोगों के बीच मजबूत संपर्कों पर आधारित घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण रिश्ते हैं।” मंत्रालय ने बताया कि व्यापार एवं वाणिज्य, विकास साझेदारी, ऊर्जा एवं जल संसाधन तथा भौतिक और डिजिटल संपर्क जैसे विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में निरंतर प्रगति हुई है।
भारत पर नेपाल की निर्भरता और सीमा विवाद की पृष्ठभूमि
चारों ओर से भूमि से घिरा देश नेपाल वस्तुओं और सेवाओं के परिवहन के लिए बड़े पैमाने पर भारत पर निर्भर है। समुद्र तक नेपाल की पहुंच भारत के माध्यम से ही सुनिश्चित होती है और वह अपनी आवश्यकताओं का बड़ा हिस्सा भारत से या भारतीय मार्ग से आयात करता है। दोनों देशों के नेता अक्सर सदियों पुराने ‘रोटी-बेटी’ के संबंधों का उल्लेख करते रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इस साल मई में बालेंद्र शाह की एक टिप्पणी के बाद दोनों देशों के संबंधों में कुछ असहजता देखने को मिली थी। उन्होंने भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से जारी सीमा विवाद के समाधान के लिए चीन और ब्रिटेन की भागीदारी की मांग की थी। इसके कुछ दिन बाद भारत ने किसी तीसरे पक्ष की भूमिका को स्पष्ट रूप से खारिज करते हुए कहा था कि सीमा विवाद के समाधान के लिए दोनों देशों के बीच एक स्थापित द्विपक्षीय तंत्र मौजूद है। भारत और नेपाल के बीच लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और कालापानी क्षेत्रों को लेकर सीमा विवाद है, जिन पर भारत का स्पष्ट रुख है कि ये क्षेत्र उत्तराखंड का अभिन्न हिस्सा हैं।