Srinagar News: जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं। अचानक आई बाढ़ की वजह से अब तक 17 लोगों की जान जा चुकी है। श्रीनगर का ऐतिहासिक लाल चौक जलमग्न हो गया है, जिससे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के ड्रेनेज सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
खराब मौसम और सुरक्षा कारणों को देखते हुए श्री अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ ही राज्य के सभी स्कूलों की छुट्टियां 23 जुलाई तक बढ़ा दी गई हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भारी बारिश, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का अलर्ट जारी किया है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के ऑडिट का आदेश
श्रीनगर में जलभराव की स्थिति पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम की नाकामी पर चिंता जताते हुए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत हुए कार्यों के बाहरी ऑडिट के आदेश दिए हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की है।
दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने सोमवार को दिल्ली में पूर्ण राज्य के दर्जे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस की ओर से छोड़े गए आंसू गैस के गोलों से सीएम उमर अब्दुल्ला भी प्रभावित हुए, जिसकी उन्होंने कड़ी निंदा की।