हरियाणा के झज्जर में दर्दनाक हादसा, बछड़े को कुएं से बचाने उतरे चार लोगों की जहरीली गैस से मौत

Share

- Advertisement -

Jhajjar News: हरियाणा के झज्जर जिले के मुनीमपुर गांव में रविवार शाम एक बेहद दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। गांव के एक कुएं में गिरे बछड़े को बचाने उतरे चार ग्रामीणों की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान दलबीर, नरेंद्र, मोनू और रामू के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही झज्जर पुलिस, दमकल विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। लगभग तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

तीन घंटे चला रेस्क्यू अभियान, सब इंस्पेक्टर की बिगड़ी तबीयत

रेस्क्यू टीम ने चारों ग्रामीणों को कुएं से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बचाव कार्य के दौरान जहरीली गैस के असर से सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार की भी तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह और कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन पर समय से मदद न पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News