Patiala News: देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में शुमार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को पंजाब की जनदीप कौर ने नौकरी के साथ पास कर दिखाया है। उन्होंने टाइम मैनेजमेंट के बल पर 5वें प्रयास में 147वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर आईपीएस बनने का सपना पूरा किया।
जनदीप कौर पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के चनार्थल खुर्द गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने पटियाला की प्रसिद्ध थापर यूनिवर्सिटी से बीटेक किया। इसके बाद 2018 में एसएससी सीजीएल परीक्षा में देशभर में 68वीं रैंक लाकर इनकम टैक्स विभाग में इंस्पेक्टर का पद हासिल किया।
वरिष्ठ आईआरएस अधिकारियों से मिली सिविल सेवा में जाने की प्रेरणा
आयकर विभाग पटियाला में तैनाती के दौरान जनदीप का संपर्क रोजाना वरिष्ठ भारतीय राजस्व सेवा अधिकारियों से होता था। अधिकारियों की कार्यशैली और समाज पर उनके प्रभाव को देखकर जनदीप के मन में सिविल सेवा में जाने की इच्छा पैदा हुई और उन्होंने तैयारी शुरू कर दी।
नौकरी के कारण वे ऑफलाइन कोचिंग नहीं ले सकती थीं, इसलिए उन्होंने पूरी तरह सेल्फ-स्टडी पर भरोसा किया। ऑफिस के बाद रात के समय और वीकेंड की छुट्टियों का इस्तेमाल कर उन्होंने ऑनलाइन स्टडी मटेरियल और वीडियोज के माध्यम से अपने सिलेबस को समय पर पूरा किया।
चार बार असफलता के बाद पांचवें प्रयास में हासिल की बड़ी सफलता
यूपीएससी के सफर में लगातार चार प्रयासों में निराशा हाथ लगने के बावजूद जनदीप ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी गलतियों का विश्लेषण किया और लगातार सुधार किया। आखिरकार 5वें प्रयास में 147वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा में जगह बनाई।
वर्तमान में जनदीप कौर हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आईपीएस अधिकारी के रूप में कठिन ट्रेनिंग ले रही हैं। उनकी यह सफलता उन लाखों युवाओं और वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए बड़ी प्रेरणा है जो नौकरी के साथ तैयारी कर रहे हैं।