Delhi News: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव को देखते हुए भारत सरकार ने नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीयों को ईरान की यात्रा टालने और वहां मौजूद लोगों को कमर्शियल उड़ानों से देश छोड़ने पर विचार करने की सलाह दी है।
सुरक्षा स्थिति चिंताजनक होने के कारण यात्रा स्थगित करने की अपील
भारतीय दूतावास ने कहा कि ईरान में हाल के दिनों में सैन्य संघर्ष और अस्थिरता काफी बढ़ गई है, जिससे सुरक्षा स्थिति चिंताजनक हो गई है। इसी वजह से भारतीय नागरिकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है। सुरक्षा स्थिति सामान्य होने तक सभी गैर-जरूरी यात्राएं स्थगित करने का निर्देश दिया गया है।

सैन्य गतिविधियों वाले क्षेत्रों से दूर रहने और दूतावास में रजिस्ट्रेशन का निर्देश
दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीयों से स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर नजर रखने तथा सैन्य गतिविधियों वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है। विशेषकर दक्षिणी तटीय क्षेत्रों में जाने से बचने को कहा गया है। साथ ही, जिन भारतीयों ने अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उन्हें विवरण साझा करने को कहा है।
अमेरिका के हवाई हमलों से पश्चिम एशिया में सुरक्षा स्थिति बिगड़ी
यह एडवाइजरी ऐसे समय आई है जब अमेरिका ने ईरान के विभिन्न सैन्य ठिकानों पर लगातार नौवें दिन हवाई हमले किए हैं। दोनों देशों के बीच संघर्ष तेज होने से पश्चिम एशिया में स्थिति बिगड़ रही है। होर्मुज जलडमरूमध्य और दक्षिणी ईरान के आसपास सैन्य गतिविधियां बढ़ने से विदेशी नागरिकों की सुरक्षा पर संकट मंडरा रहा है।