Hisar News: हरियाणा के हिसार जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान गांव मायड़ निवासी बलजीत उर्फ दानू (40) और उनकी पत्नी दर्शना (36) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सन्नाटा पसर गया है।
पुलिस के अनुसार, बलजीत गांव में डीजे की दुकान चलाता था। इस हृदय विदारक घटना के कारण दंपती के दो बेटे, मोहित (16) और अंशुल (13), अब अनाथ हो गए हैं। मृतका दर्शना जिला हांसी के गांव जीतपुरा की मूल निवासी थीं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मामले की जांच में जुटी सदर थाना पुलिस
सदर थाना पुलिस ने हत्या और आत्महत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे के ठोस कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, क्योंकि परिवार और आसपास के लोग इस मामले में अभी कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।
इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर ऐसी क्या वजह थी जिसने परिवार को इस कगार पर पहुंचा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की गहन जांच से ही इस दुर्भाग्यपूर्ण मामले का खुलासा हो सकेगा।