टीबी मुक्त भारत अभियान में हरियाणा को बड़ी सफलता: ऐप पंजीकरण में देश में दूसरा स्थान, जांच और इलाज में दर्ज की बड़ी बढ़त

Share

- Advertisement -

Chandigarh News: क्षय रोग (टीबी) के खिलाफ चलाए जा रहे राष्ट्रीय अभियान में हरियाणा ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। ‘टीबी मुक्त भारत’ ऐप पर 35,229 पंजीकरण दर्ज कर हरियाणा ने पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में आयोजित 100-दिवसीय अभियान की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी गई।

बैठक में बताया गया कि राज्य में टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी) का कवरेज बढ़कर 49 प्रतिशत हो गया है। इसके अलावा एनएएटी आधारित मॉलिक्यूलर जांच कवरेज 67 प्रतिशत और पात्र मरीजों के लिए डिफरेंशिएटेड टीबी केयर का दायरा 71 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इन उपलब्धियों से टीबी उन्मूलन के प्रयासों को नई मजबूती मिली है।

टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट और मॉलिक्यूलर जांच में बड़ी तेजी

दवा-संवेदनशील फेफड़ों की टीबी से पीड़ित मरीजों के 44,574 पात्र पारिवारिक संपर्कों में से 21,697 लोगों को निवारक उपचार दिया जा चुका है। अभियान की शुरुआत में यह आंकड़ा केवल 31 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 49 प्रतिशत हो गया है। प्रदेश के 14 जिलों ने इस मामले में 50 प्रतिशत से अधिक का लक्ष्य हासिल कर लिया है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक आयोजित 4,711 स्क्रीनिंग कैंपों के जरिए 5.31 लाख से अधिक संवेदनशील व्यक्तियों की जांच की गई है। अभियान के दौरान 1.50 लाख से अधिक एनएएटी परीक्षण किए गए, जिससे मॉलिक्यूलर टेस्ट कवरेज काफी बढ़ा है। साथ ही 22,571 पात्र मरीजों को डिफरेंशिएटेड केयर के दायरे में शामिल किया जा चुका है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News