Mumbai News: महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने स्वच्छता और गुणवत्ता में भारी लापरवाही बरतने पर सख्त रुख अपनाया है. मुंबई के मलाड वेस्ट में ब्लिंकिट डार्क स्टोर में भयंकर गंदगी मिलने पर उसका लाइसेंस तत्काल सस्पेंड कर दिया गया. वहीं बुलढाणा में रिलायंस रिटेल से कीड़े युक्त काजू कतली जब्त की गई.
एफडीए की विशेष टीम ने 7 अगस्त को मुंबई स्थित सर्वोदय भवन के ब्लिंकिट स्टोर पर औचक निरीक्षण किया था. जांच अधिकारियों को फलों और सब्जियों के स्टोरेज क्षेत्र में बड़ी संख्या में कॉकरोच घूमते मिले. इस स्थिति से खाद्य पदार्थों में गंभीर संक्रमण का खतरा बना हुआ था.
जांच में स्टोर के कोल्ड रूम की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई. वहां एक्सपायर्ड और कटी-फटी पैकिंग वाले कई खाद्य उत्पाद रखे हुए मिले. इसके अलावा सामान के रखरखाव में एफआईएफओ और एफईएफओ जैसे अनिवार्य नियमों का जरा भी पालन नहीं किया जा रहा था.
अधिकारियों को परिसर में कीड़े और चूहों को रोकने के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं मिले. स्टोर के कर्मचारियों के पास अनिवार्य हेल्थ और मेडिकल रिपोर्ट भी मौजूद नहीं थी. पर्सनल हाइजीन और सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल में भारी कमी मिलने पर धारा 32(3) के तहत स्टोर का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया.
उधर बुलढाणा जिले के एआरडी सिनेमा मॉल स्थित रिलायंस रिटेल आउटलेट में 8 अगस्त को एफडीए की टीम ने छापा मारा. एक ग्राहक ने आउटलेट से खरीदी गई ‘लक्ष्मी नारायण’ ब्रांड की काजू कतली में फफूंद और जिंदा कीड़े मिलने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.
शिकायत की पुष्टि के बाद एफडीए अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए काजू कतली के 54 डिब्बे जब्त कर लिए. जब्त की गई मिठाई का कुल वजन लगभग 11.34 किलोग्राम दर्ज किया गया है. अधिकारियों ने मौके से सैंपल लेकर आगे की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है.
एफडीए प्रशासन ने जब्त किए गए मिठाई के सैंपलों को जांच के लिए सरकारी फूड लेबोरेटरी भेज दिया है. विभाग के अनुसार लैब रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है.