Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रस्तावित प्रदर्शनों और संसद सत्र के मद्देनजर गृह मंत्रालय ने सीआरपीएफ की 20 अतिरिक्त कंपनियां तैनात करने का फैसला किया है। वहीं संसद मार्ग थाने में अवैध ड्रोन उड़ाने पर एफआईआर दर्ज की गई है।
गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक यह फैसला मंगलवार देर रात लिया गया। इसके तुरंत बाद पश्चिम बंगाल में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की कंपनियों को दिल्ली रवाना करने की कवायद शुरू कर दी गई। जवानों को एयरलिफ्ट करके जल्द से जल्द राजधानी पहुंचाया जा रहा है ताकि उन्हें प्रमुख इलाकों में तैनात किया जा सके।
कोलकाता से एयरलिफ्ट कर दिल्ली लाए जा रहे जवान
अधिकारियों का कहना है कि आगामी दिनों में कई संगठनों के प्रदर्शन और रैलियां प्रस्तावित हैं। संसद सत्र भी चल रहा है। सुरक्षा अधिकारियों ने एहतियातन सीआरपीएफ की कुल 20 कंपनियों को कोलकाता से एयरलिफ्ट करने का फैसला किया है। इन जवानों को राजधानी के संवेदनशील इलाकों में तैनात किया जाएगा।
संसद मार्ग इलाके में छात्र प्रदर्शन के दौरान अवैध रूप से ड्रोन उड़ाने का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली के संसद मार्ग थाने में बीएनएस की धारा 223 और आदेश अवहेलना के तहत एफआईआर दर्ज की है। सुरक्षा कारणों से इस हाई सिक्योरिटी जोन में बिना इजाजत ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी है।
संसद सत्र के दौरान दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा कड़ी रखी जाती है। इस बार राजनीतिक दलों के विरोध प्रदर्शन और सीजेपी के कार्यक्रमों को देखते हुए दिल्ली पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां और सीआरपीएफ लगातार हालात की समीक्षा कर रहे हैं। एजेंसियां राजधानी में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।