Delhi News: कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम की मदद से पिछले तीन दिनों में 2500 से अधिक आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की पहचान की है, जिनमें 215 वांटेड आरोपी भी शामिल हैं।
एफआरएस कैमरों से हुआ संदिग्ध चेहरों का खुलासा
20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर एफआरएस तकनीक लगाई थी। 21, 22 और 23 जुलाई को कैमरों में दर्ज चेहरों का मिलान पुलिस के डेटाबेस से किया गया। पुलिस के अनुसार, कई लोग भीड़ में शामिल होकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस पर हमला और 15 एफआईआर दर्ज
पुलिस का दावा है कि कुछ उपद्रवियों ने प्रदर्शन की आड़ में पुलिसकर्मियों पर चाकू और धारदार हथियारों से हमला किया। संदिग्धों की गतिविधियां सीसीटीवी फुटेज में दर्ज हुई हैं, जिनकी जांच जारी है। इस मामले में दिल्ली पुलिस अब तक 15 एफआईआर दर्ज कर चुकी है और कई आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई कर रही है।