Delhi News: बुधवार रात करीब डेढ़ बजे संसद मार्ग की ओर बढ़ रही आक्रोशित भीड़ ने जय सिंह रोड पर सुरक्षाकर्मियों के सामने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने नकाब पहनकर स्थिति को तनावपूर्ण बनाने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने किसी तरह युवाओं को समझाकर शांत कराया।
प्रदर्शन के दौरान कई युवा पेड़ों और बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और संसद मार्ग के सूचना बोर्ड को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। इस दौरान एक एंबुलेंस को भी रास्ता देने में बाधा उत्पन्न की गई। भीड़ में मौजूद कुछ लोग आंसू गैस से बचाव के लिए चश्मा और मास्क लगाए हुए थे। सीजेपी कार्यकर्ता लगातार शांति बनाए रखने की अपील करते रहे।
दो हिस्सों में बंटा प्रदर्शन, एक तरफ शांति तो दूसरी ओर हंगामा
वर्तमान में यह आंदोलन दो अलग-अलग हिस्सों में बंटा हुआ नजर आ रहा है। एक तरफ सीजेपी के मुख्य मंच पर प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। वहीं दूसरी ओर सड़कों पर मौजूद भीड़ उग्र होकर नारेबाजी कर रही है। जंतर-मंतर, टॉलस्टॉय मार्ग और कनॉट प्लेस के आसपास युवाओं का भारी जमावड़ा देखा जा रहा है।
संसद मार्ग और टॉलस्टॉय रोड पर स्थिति को संभालने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात हैं। पुलिस के साथ सीधे टकराव को रोकने के लिए कुछ प्रदर्शनकारियों ने देर रात मानव शृंखला भी बनाई। इस बीच अफवाहों के कारण कई बार क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी।
शुक्रवार शाम को जंतर-मंतर पर निकाला जाएगा कैंडल मार्च
सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक बालियान ने बताया कि पार्टी की ओर से शुक्रवार शाम को एक शांतिपूर्ण कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा। यह कैंडल मार्च जंतर-मंतर परिसर के भीतर ही निकाला जाएगा। पार्टी ने सभी प्रदर्शनकारियों से अनुशासित रहकर अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रखने की अपील दोहराई है।