Delhi News: जंतर-मंतर पर पिछले 35 दिनों से जारी प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की तबीयत बिगड़ गई है। लगातार आंदोलन की अगुवाई करने की वजह से उनका स्वास्थ्य प्रभावित हुआ है। इस बीच उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपनी बीमारी और आंदोलन को लेकर अहम जानकारी दी है।
ब्लड रिपोर्ट में टाइफाइड की पुष्टि, दीपके ने साझा की जानकारी
अभिजीत दीपके ने वीडियो संदेश में बताया कि पिछले कई दिनों से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं था। उनकी ब्लड रिपोर्ट सामने आने के बाद टाइफाइड की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है और उन्हें नियमित रूप से ड्रिप दी जा रही है। खराब सेहत के बावजूद वे समर्थकों का हौसला बढ़ा रहे हैं।
अभिजीत दीपके ने देश भर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सभी समर्थकों के अनुशासित प्रयासों के कारण ही यह आंदोलन इस मुकाम तक पहुंच सका है। उन्होंने आगे भी इसी तरह अपनी आवाज बुलंद रखने और आंदोलन को गति देने का आग्रह किया है।
शांतिपूर्ण आंदोलन से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का जताया भरोसा
अभिजीत दीपके ने भरोसा जताया कि अगर पूरे देश में इसी तरह शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहा, तो केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा जरूर होगा। उन्होंने आंदोलन में शामिल हर व्यक्ति की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया। इस बीच दिल्ली मेट्रो से जुड़ी आवाजाही से संबंधित अलर्ट भी जारी किया गया है।