Bhiwani News: भिवानी पुलिस की सीआईए-2 टीम ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी क्राइम अनूप कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार की गई आरोपियों के कब्जे से 4.58 लाख रुपये की नकदी भी बरामद कर ली है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
नौकरी के बहाने दफ्तर में घुसी थी युवती
इंडस्ट्रियल एरिया निवासी पीड़ित ने शिकायत में बताया कि 9 जुलाई को एक युवती नौकरी मांगने पुराने बस स्टैंड स्थित उनके दफ्तर आई थी। नौकरी देने से मना करने पर उसने वॉशरूम इस्तेमाल करने की इजाजत मांगी थी।
इसके तुरंत बाद एक युवक अचानक दफ्तर में घुसा और वीडियो बनाने लगा। इसी दौरान वह युवती बिना कपड़ों के वॉशरूम से बाहर आ गई। आरोपियों ने पीड़ित का फर्जी वीडियो बनाकर पांच लाख रुपये की मांग की थी।
ब्लैकमेल कर वसूले पैसे, पुलिस ने बरामद की नकदी
वीडियो वायरल करने और बदनाम करने की धमकी से डरकर पीड़ित ने आरोपियों की मांग पूरी कर दी। इसके बाद पीड़ित ने भिवानी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर सीआईए-2 टीम ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से ठगे गए 4.58 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं और पुलिस आगे की जांच कर रही है।