Dewas News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी ने देवास में कहा कि भारत की संस्कृति विश्व में सर्वश्रेष्ठ है। इसे बनाए रखने के लिए हर व्यक्ति को खुद को श्रेष्ठ बनाना होगा। सकारात्मक विचारों से ही समाज में बदलाव संभव है।
देश को प्रगतिशील बनाने के लिए समाज का प्रतिबद्ध होना जरूरी
देवास में आयोजित महायोगी अरविंद के जन्मोत्सव कार्यक्रम में भैयाजी जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज देश तेजी से प्रगति की ओर बढ़ रहा है। समाज में विचारवान लोगों की संख्या बढ़ने से सकारात्मक बदलाव का माहौल बन रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि किसी भी समाज को आगे ले जाने के लिए व्यक्ति का संकल्पबद्ध होना बेहद आवश्यक है। नकारात्मक सोच रखने वाला व्यक्ति सामाजिक नवनिर्माण का कार्य कभी नहीं कर सकता। इसलिए समाज को प्रगतिशील बनाने के लिए विचारों में दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है।
भारत का विभाजन पूरी तरह से अप्राकृतिक था: सुरेश जोशी
कार्यक्रम के दौरान सुरेश भैयाजी जोशी ने महायोगी अरविंद के विचारों को याद किया। उन्होंने कहा कि अरविंद ने बहुत पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि भारत का विभाजन पूरी तरह अप्राकृतिक है। आज पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश में हमारी आस्था के मुख्य केंद्र स्थित हैं।
इस विशेष कार्यक्रम में रामायण के श्लोकों पर आधारित महायोगी अरविंद के विचारों की एक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। समारोह में विधायक गायत्रीराजे पवार और महंत रितेशदास बैरागी ने भी अपने विचार व्यक्त किए और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।