New Delhi News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके के सहयोगी और पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने हाल ही में एक यूट्यूब चैनल को दिए साक्षात्कार में अपने राजनीतिक सफर, तिहाड़ जेल के अनुभव और समकालीन राजनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार साझा किए हैं। इस दौरान उन्होंने कई प्रमुख राजनेताओं और हस्तियों पर एक शब्द में प्रतिक्रिया भी दी।
साक्षात्कार के दौरान आशुतोष रांका ने बताया कि तिहाड़ जेल में उन्हें और सौरभ को अलग-अलग रखा गया था, जिसके कारण वे केवल अदालत में पेशी के दौरान ही एक-दूसरे से मिल पाते थे। जेल की व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां भोजन में सभी को बिना किसी भेदभाव के दाल, रोटी और सब्जी दी जाती है।
IIT कानपुर और लंदन में पढ़ाई के दौरान छात्र राजनीति से जुड़ाव
अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत के बारे में बताते हुए रांका ने कहा कि वे छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे हैं। उनके अनुसार, आईआईटी कानपुर में प्रवेश के पहले वर्ष से ही वे छात्र राजनीति से जुड़ गए थे, जहां वे पहले सीनेटर (छात्र प्रतिनिधि) चुने गए और अंतिम वर्ष में छात्र संघ के अध्यक्ष बने।
उन्होंने बताया कि उनके परिवार को पहले ही अंदाजा हो गया था कि वे सार्वजनिक जीवन में जाएंगे, हालांकि परिवार की हमेशा यही सलाह रही कि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर रहें। रांका ने कहा कि उनकी पत्नी भी आईआईटी कानपुर में उनकी सहपाठी रही हैं और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) में पढ़ाई के दौरान भी वे छात्र गतिविधियों में सक्रिय रहते थे। इसके बाद वे आम आदमी पार्टी से जुड़े और फिर सीजेपी के साथ सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हुए।
‘तिलचट्टा’ और ‘एंटी नेशनल’ शब्दों पर दी राय
साक्षात्कार में जब उनसे पूछा गया कि ‘एंटी नेशनल’, ‘एनार्किस्ट’, ‘तिलचट्टा’ या ‘अर्बन नक्सल’ में से उन्हें अपने लिए कौन सा शब्द सबसे उपयुक्त लगता है, तो रांका ने ‘तिलचट्टा’ शब्द को चुना। उन्होंने कहा कि यह एक मजेदार शब्द है और इससे विरोधियों की झुंझलाहट झलकती है, जो चाहते हुए भी उनके खिलाफ कुछ नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें ‘एंटी नेशनल’ शब्द सुनकर सबसे अधिक बुरा लगता है।
तिहाड़ जेल के अनुभव साझा किए
जेल जाने के अनुभव को साझा करते हुए रांका ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई ग्लानि नहीं थी, क्योंकि वे तिरंगा फहराने के मामले में जेल गए थे। उन्होंने दावा किया कि जेल के भीतर प्रशासनिक कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और विचाराधीन कैदियों के बीच सीजेपी के प्रति समर्थन देखने को मिला। रांका ने यह भी बताया कि 14 अक्टूबर को जिस दिन वे तिहाड़ जेल गए, उस दिन उनका जन्मदिन भी था।
प्रमुख राजनेताओं और हस्तियों पर एक शब्द में प्रतिक्रिया
साक्षात्कार के अंत में आशुतोष रांका से विभिन्न राजनेताओं और चर्चित हस्तियों के बारे में एक शब्द में त्वरित प्रतिक्रिया मांगी गई, जिस पर उन्होंने निम्नलिखित जवाब दिए:
- अभिजीत दीपके: फाइटर
- सौरभ दास: कूल
- नरेंद्र मोदी: बेस्ट एक्टर
- अमित शाह: डिक्टेटर (तानाशाह)
- अरविंद केजरीवाल: स्मार्ट
- राहुल गांधी: जेन्विन (असली)
- प्रशांत किशोर: होप (उम्मीद)
- शाहरुख खान: ट्रूली बेस्ट एक्टर
- अमिताभ बच्चन: लीजेंड
- विराट कोहली: बेस्ट ऑफ ऑल
- कुमार विश्वास: अच्छे कवि