इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बालिग महिला को पिता की कस्टडी से कराया मुक्त, मुस्लिम पति के साथ रहने की दी अनुमति

Share

- Advertisement -

Ghaziabad News: इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने गाजियाबाद की एक बालिग युवती को उसके पिता की अभिरक्षा से मुक्त करने का अहम आदेश दिया है। अदालत ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई करते हुए 26 वर्षीय सोनिका चौहान को रिहा किया और उसे अपनी पसंद से पति अकबर खान के साथ रहने की इजाजत दी।

अदालत के समक्ष पेशी और सोनिका का बयान

राज्य सरकार ने अदालत के आठ सितंबर के आदेश का पालन करते हुए सोनिका को पेश किया। न्यायमूर्ति संदीप जैन से बातचीत में सोनिका ने बताया कि वह बालिग और ग्रेजुएट है। उसने अपनी मर्जी से अकबर खान से शादी की है और पिता की नाराजगी के कारण उसे घर में बंद रखा गया था।

अकबर खान ने भी अदालत में सोनिका के सभी बयानों का पूरा समर्थन किया और साथ रहने की बात कही। वहीं, सोनिका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी पर दबाव बनाया गया है। हालांकि, सोनिका ने साफ किया कि वह बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से पति के साथ रहना चाहती है।

जीवनसाथी चुनने का अधिकार मौलिक अधिकार: हाईकोर्ट

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी भी वयस्क व्यक्ति को अपनी मर्जी से जीवनसाथी चुनने का पूरा कानूनी अधिकार है। अदालत ने कहा कि यह व्यक्ति का निजी अधिकार है, जिसे परिवार या माता-पिता के दबाव से नियंत्रित नहीं किया जा सकता।

उच्च न्यायालय ने सोनिका को अकबर खान के साथ रहने की पूरी आजादी देते हुए मामले का निस्तारण किया। इसके साथ ही कोर्ट ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा उपलब्ध कराने का आदेश दिया। अदालत ने परिवार के सदस्यों को भी निर्देश दिया कि वे दंपति के वैवाहिक जीवन में किसी तरह का दखल न दें।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News