बिहार-पूर्वांचल की शादियों में मटकोर रस्म का खास महत्व, धरती माता की पूजा से होती है शुरुआत

Share

- Advertisement -

Bihar News: बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की शादियों में मटकोर रस्म का महत्व है। यह रस्म विवाह से एक से तीन दिन पहले निभाई जाती है, जिसमें महिलाएं लोकगीत गाते हुए तालाब या नदी के किनारे जाकर धरती माता की पूजा करती हैं। लौटकर इसी मिट्टी से मंडप बनाया जाता है, जिससे दांपत्य जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

देवउठनी एकादशी से विवाह और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई है। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की शादियों में समृद्ध लोक-संस्कृति और अनूठे रीति-रिवाज देखने को मिलते हैं। इन रस्मों के दौरान पारंपरिक और मधुर लोकगीत भी गाए जाते हैं। इन्हीं में एक बेहद खास रस्म ‘मटकोर’ है।

क्या होती है मटकोर की रस्म?

मटकोर की रस्म शादी से एक से तीन दिन पहले विधिपूर्वक निभाई जाती है। इस दौरान महिलाएं लोकगीत गाती हुई किसी तालाब, नदी या पवित्र स्थान पर जाती हैं। वहां पहुंचकर वे भूमि की पूजा-अर्चना करती हैं और धरती को सिंदूर, हल्दी व अक्षत अर्पित करती हैं। इसके बाद परिवार की बुआ या बहन कुदाल की मदद से थोड़ी मिट्टी खोदती हैं और उसे टोकरी में भरकर घर लाती हैं। इसी मिट्टी से विवाह का मंडप तैयार किया जाता है और मंडप के भीतर वेदी भी बनाई जाती है।

पंचतत्वों का आह्वान

विवाह मंडप को ब्रह्मांड का प्रतीक माना जाता है। मटकोर की मिट्टी के जरिए पृथ्वी तत्व को विवाह के साक्षी के रूप में स्थापित किया जाता है, ताकि नवदंपति का रिश्ता धरती की तरह ही अटल, सहनशील और फलदायी बना रहे।

मटकोर की रस्म का धार्मिक महत्व

मटकोर की रस्म धरती माता के प्रति आभार जताने के लिए की जाती है। मान्यता है कि यह शुभ कार्य शुरू करने की अनुमति लेने और नए दांपत्य जीवन में सुख-शांति की कामना करने का माध्यम है। इस रस्म के जरिए धरती माता का आशीर्वाद प्राप्त किया जाता है। ऐसा माना जाता है कि मटकोर की इस पवित्र मिट्टी को घर लाने से वर-वधू के जीवन में सुख-समृद्धि बढ़ती है और शुभ परिणाम प्राप्त होते हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News