400 साल पुरानी परंपरा को संजोए लखीमपुर का ठुठवा मेला, घाघरा तट पर कार्तिक पूर्णिमा का भव्य आयोजन

Share

- Advertisement -

Lakhimpur News: लखीमपुर खीरी का करीब 400 साल पुराना ठुठवा मेला ईसानगर जांगड़ा राजवंश की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। मान्यता है कि राजा रघुराज प्रताप बहादुर सिंह ने इसकी शुरुआत की थी। कार्तिक पूर्णिमा पर घाघरा नदी के तट पर लगने वाला यह मेला आज भी धार्मिक आस्था और ग्रामीण संस्कृति का संगम बना हुआ है।

कार्तिक माह में लगने के कारण इसे कातिकी मेला, नदी घाट पर आयोजन होने के चलते घाट का मेला और ठुठवा गांव के समीप लगने के कारण ठुठवा मेला कहा जाता है। मेले के नाम भले ही अलग-अलग हों, लेकिन इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान एक ही है।

शस्त्र पूजन के बाद राजा करते थे आखेट

स्थानीय किवदंतियों के अनुसार, राजमहल में दशहरा पर शस्त्र पूजन के बाद ईसानगर स्टेट के राजा एक महीने के लिए जंगल में आखेट पर निकलते थे। वापसी के बाद घाघरा नदी के तट पर सात दिनों तक कल्पवास करते थे। इस दौरान नदी किनारे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होते थे। भजन-कीर्तन के साथ कुश्ती, जादू और कलाकारों के कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहते थे। धीरे-धीरे इन आयोजनों ने विशाल स्वरूप ले लिया और कालांतर में यह परंपरा मेले में बदल गई।

सरयू माता से जुड़ी है कटान रोकने की लोककथा

मेले की शुरुआत को लेकर एक दूसरी लोककथा भी प्रचलित है। बुजुर्गों के अनुसार, एक समय सरयू नदी ने विकराल रूप धारण कर लिया था। नदी के कटान से ईसानगर स्टेट की जमीन को भारी नुकसान पहुंच रहा था। इससे दुखी होकर राजा नदी किनारे पहुंचे और सरयू माता की पूजा-अर्चना करने के बाद हठ करके बैठ गए।

उन्होंने संकल्प लिया कि यदि नदी ने कटान नहीं रोका तो वह जल समाधि ले लेंगे। कहा जाता है कि राजा की विनती स्वीकार करते हुए सरयू माता ने कटान रोक दिया और नदी अपने पुराने स्थान पर लौट गई। इसके बाद हर साल नदी माता की पूजा-अर्चना की परंपरा शुरू हुई, जिसने आगे चलकर मेले का रूप ले लिया। इसी स्थान पर राजा की समाधि भी बनाई गई थी, जो बाद में नदी के कटान की भेंट चढ़ गई।

कई जिलों के दुकानदार पहुंचते हैं मेले में

ठुठवा मेले में लखीमपुर खीरी के अलावा सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बहराइच और बाराबंकी समेत कई जिलों के दुकानदार पहुंचते हैं। स्थानीय दुकानदारों के साथ बाहरी व्यापारी भी अपनी दुकानें सजाते हैं। धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक परंपरा और ग्रामीण संस्कृति का संगम बना यह मेला आज भी क्षेत्र के लोगों के लिए खास महत्व रखता है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News