Narkatiaganj News: पश्चिमी चंपारण के नरकटियागंज में बेटे की शादी का निमंत्रण कार्ड देने और बेटी की विदाई की बात करने पहुंचे ससुर के साथ दामाद ने मारपीट कर दी। पीड़ित ने शिकारपुर थाने में दामाद समेत तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिल गया है और मामले की छानबीन की जा रही है।
यह घटना नरकटियागंज के शिकारपुर थाना क्षेत्र स्थित धर्मशाला रोड पर हुई। मामले में मझौलिया थाना क्षेत्र निवासी चंद्रशेखर प्रसाद वर्णवाल ने शिकारपुर थाने में आवेदन देकर शिवगंज निवासी दामाद शैलेश कुमार वर्णवाल समेत तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
दुकान पर पहुंचते ही विवाद
आवेदन के अनुसार चंद्रशेखर प्रसाद वर्णवाल बेटे की शादी का कार्ड देने के साथ बेटी की विदाई कराने की बात करने दामाद के पास गए थे। जैसे ही वे धर्मशाला रोड स्थित दामाद की दुकान पर पहुंचे, वह नाराज हो उठा। आरोप है कि दामाद ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर दामाद, उसके भाई व अन्य लोगों ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी।
कारण और पुलिस की जांच
फिलहाल मारपीट के पीछे की वजह को लेकर जांच चल रही है, हालांकि चर्चा है कि यह विवाद साली की शादी तय होने या पत्नी के शादी में जाने को लेकर हुई नाराजगी से जुड़ा हो सकता है। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन मिल गया है और मामले की छानबीन की जा रही है।