National News: दीपावली का पारंपरिक त्योहार अब सोशल मीडिया पर Gen Z के लिए एक बड़ा डिजिटल उत्सव बन चुका है। मां की पुरानी साड़ियों के नए ड्रेप लुक से लेकर नेताओं पर बने पटाखों के मीम्स तक इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहे हैं। ऑफिस में काम का दबाव, छुट्टी न मिलने की टीस और सोनपापड़ी पर बने व्यंग्य रील के जरिए लोगों का खूब मनोरंजन कर रहे हैं।
दीपावली का पावन पर्व अब केवल दीयों की रोशनी, मिठाइयों और पारंपरिक आतिशबाजी तक सीमित नहीं रह गया है। युवा पीढ़ी यानी Gen Z ने इसे इंटरनेट और सोशल मीडिया का एक बड़ा डिजिटल इवेंट बना दिया है। इंस्टाग्राम रील्स, यूट्यूब शॉर्ट्स और एक्स पर त्योहार से जुड़े हर पहलू को अनोखे और मजेदार अंदाज में पेश किया जा रहा है। घर की सफाई की मशक्कत से लेकर दफ्तर के व्यस्त माहौल तक, हर विषय कंटेंट में तब्दील हो रहा है।
मां की पुरानी साड़ियों से फेस्टिव लुक और हैंडलूम का संदेश
इस बार दीवाली के मौके पर फैशन में क्लासिक और मॉडर्न का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। युवतियां मां की पुरानी कांजीवरम और बनारसी साड़ियों को नए स्टाइल में ड्रेप कर अपना फेस्टिव लुक तैयार कर रही हैं। निफ्ट के छात्र अभिनव सिन्हा के अनुसार, सोशल मीडिया पर पुरानी साड़ियों को री-स्टाइल करने का चलन तेजी से बढ़ा है। यह न केवल किफायती और खूबसूरत है, बल्कि पारंपरिक परिधानों को सम्मान भी देता है। इसके साथ ही मिट्टी के दीये बनाने वाले स्थानीय कुम्हारों और दस्तकारों की कला को भी वीडियो के माध्यम से खूब प्रचारित किया जा रहा है।
घर की सफाई और दफ्तर की व्यस्तता बनी कॉमेडी का विषय
दीवाली की वार्षिक सफाई इस बार सिर्फ घर चमकाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि हंसी-मजाक का जरिया बन गई है। साल भर नजरअंदाज किए गए घर के कोनों, पुराने कबाड़ और चूहों की तलाश को लेकर युवा मजेदार वीडियो साझा कर रहे हैं। एएन कॉलेज की छात्रा अंजली बताती हैं कि सफाई के दौरान मिलने वाली पुरानी भूली-बिसरी चीजों पर आधारित रील्स को यूजर्स काफी पसंद कर रहे हैं।
वहीं, त्योहार पर छुट्टी न मिलने वाले नौकरीपेशा युवाओं ने भी अपनी मायूसी को रचनात्मकता में बदल दिया है। अंजली शाह के अनुसार, दफ्तर में काम करने वाले युवा सहकर्मियों के साथ पारंपरिक परिधान पहनकर ‘फिट चेक’ और ऑफिस सेलिब्रेशन रील्स बनाकर अपने त्योहार को यादगार बना रहे हैं।
सियासी चेहरों पर पटाखों के रूपक और सोनपापड़ी के वायरल मीम्स
त्योहारी सीजन में राजनीतिक व्यंग्य भी इंटरनेट मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। एएन कॉलेज के छात्र नीरज के अनुसार, युवा विभिन्न राजनीतिक हस्तियों की कार्यशैली की तुलना पटाखों से करते हुए हल्के-फुल्के मीम्स बना रहे हैं। इसके अतिरिक्त, कॉरपोरेट जगत में दीवाली गिफ्ट और बोनस को लेकर होने वाली अपेक्षाओं तथा हकीकत में मिलने वाले सोनपापड़ी के डिब्बों पर बनी कॉमेडी रील्स जमकर साझा की जा रही हैं। परंपरा, हास्य और आधुनिकता के इस अनूठे मेल ने दीवाली के उत्सव को डिजिटल मंच पर और अधिक जीवंत बना दिया है।