Delhi News: डिलीवरी के लिए अस्पताल जाते समय महिलाएं अक्सर जरूरत का सारा सामान बैग में पैक कर लेती हैं। हालांकि, कुछ चीजें ऐसी भी होती हैं जिन्हें घर पर ही छोड़ देना बेहतर होता है। जल्दबाजी में की गई लापरवाही से सामान खोने या फिर मेडिकल प्रोसेस में रुकावट आने का खतरा रहता है।
चाहे आपकी नॉर्मल डिलीवरी हो या सिजेरियन, अस्पताल जाते समय सही सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है। गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. चांदनी सहगल ने 5 ऐसी चीजों की लिस्ट शेयर की है, जिन्हें डिलीवरी के लिए अस्पताल जाते वक्त बिल्कुल भी साथ नहीं ले जाना चाहिए।
सोने-चांदी के हैवी गहने और मेकअप से बनाएं दूरी
अस्पताल जाने से पहले सोने-चांदी के कंगन, अंगूठी, चेन, नेकलेस, पायल और इयररिंग्स जैसे भारी गहने घर पर ही उतार दें। गहनों के चोरी होने का डर तो रहता ही है, साथ ही ऑपरेशन थिएटर में इन मेटल्स की वजह से मरीज को मेडिकल संबंधी परेशानी भी हो सकती है।
इसके अलावा चेहरे पर भारी मेकअप करके भी अस्पताल न जाएं। मेकअप की मोटी परत त्वचा के असली रंग को छिपा देती है, जबकि डॉक्टर्स चेकअप के दौरान मरीज की नेचुरल स्किन टोन और हेल्थ कंडीशन देखते हैं। इसलिए मेकअप करने से पूरी तरह बचें।
नेल पॉलिश, जेल नेल्स और कॉन्टैक्ट लेंस हटाने की सलाह
अस्पताल जाने से पहले नाखूनों से नेल पॉलिश हटा लें और यदि जेल नेल्स या नेल आर्ट करवाया है, तो उसे भी उतरवा लें। रेगुलर चेकअप या इमरजेंसी में जब पल्स ऑक्सीमीटर से पल्स और ऑक्सीजन लेवल चेक किया जाता है, तो नेल पॉलिश की मोटी लेयर सही रीडिंग में बाधा डालती है।
आंखों में कॉन्टैक्ट लेंस पहनकर अस्पताल बिल्कुल न जाएं। सर्जरी या डिलीवरी के दौरान दर्द और आंसुओं की वजह से लेंस से आंखों में इंफेक्शन या परेशानी हो सकती है। लेंस की जगह साधारण चश्मे का इस्तेमाल करना सबसे सुरक्षित माना जाता है।
कीमती सामान को घर पर रखें और जरूरी चीजों पर ध्यान दें
अस्पताल का बैग पैक करते समय किसी भी तरह का महंगा या कीमती सामान साथ न रखें। केवल वही साधारण सामान बैग में रखें, जिनकी मरीज और होने वाले बच्चे को बहुत ज्यादा जरूरत हो। महंगे सामान की सुरक्षा की चिंता में आपका ध्यान भटक सकता है।
डिलीवरी के समय पूरा ध्यान केवल मरीज के स्वास्थ्य और इलाज पर होना चाहिए। इसलिए डॉक्टर की इन बातों का ध्यान रखकर आप किसी भी तरह की परेशानी, सामान गुम होने के डर और मेडिकल कॉम्प्लिकेशंस से आसानी से बच सकती हैं।