Delhi News: दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) ने असिस्टेंट प्रोफेसर के 16 पदों पर भर्ती निकाली है। यह वैकेंसी कॉमर्स, इकोनॉमिक्स और मैथमेटिक्स विभागों के लिए जारी की गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 22 अगस्त 2026 तक कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट srcc.edu या du.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
किस विभाग में कितनी वैकेंसी और कितनी मिलेगी सैलरी
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 16 पदों को भरा जाएगा। इसमें कॉमर्स विभाग में 12 पद, इकोनॉमिक्स विभाग में 3 पद और मैथमेटिक्स विभाग में 1 पद शामिल है। चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के एकेडमिक पे लेवल-10 के तहत 57,700 रुपये प्रतिमाह बेसिक पे और अन्य सरकारी भत्ते दिए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में किसी भी तरह की तकनीकी समस्या होने पर उम्मीदवार facultyrectt@srcc.du.ac.in पर ईमेल करके मदद ले सकते हैं। अनारक्षित, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये तय किया गया है। वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग और सभी महिला आवेदकों के लिए आवेदन पूरी तरह से निशुल्क रखा गया है।
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए क्या हैं शैक्षणिक योग्यताएं
उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री होनी अनिवार्य है। एससी, एसटी, ओबीसी (एनसीएल) और दिव्यांग उम्मीदवारों को अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके अलावा यूजीसी या सीएसआईआर द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) पास होना जरूरी है।
नियमित मोड से पीएचडी करने वाले और दुनिया के शीर्ष 500 विश्वविद्यालयों से पीएचडी धारक उम्मीदवारों को नेट परीक्षा से छूट दी गई है। इसके अलावा जिन विषयों में नेट परीक्षा का आयोजन नहीं होता, वहां भी यह अनिवार्यता लागू नहीं होगी। 19 सितंबर 1991 से पहले मास्टर डिग्री पूरी करने वाले पीएचडी धारकों को भी 5 प्रतिशत अंक की छूट मिलेगी।
जानें कैसे होगी उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया
प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग 100 अंकों के पैमाने पर की जाएगी। इसमें ग्रेजुएशन के अधिकतम 21 अंक, पोस्ट-ग्रेजुएशन के 25 अंक, पीएचडी के 25 अंक और नेट जेआरएफ के 10 अंक निर्धारित हैं। इसी स्क्रीनिंग स्कोर के आधार पर योग्य उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।